Breaking Reports

हॉस्टल में फंदे से लटकता मिला शिक्षिका का शव



आजमगढ़ : अहरौला थाना क्षेत्र के शंभूपुर स्थित मां शारदा पीजी कालेज के हास्टल के कमरे में आज बुधवार की शाम को एक शिक्षिका का शव फंदे से लटकता पाए जाने पर सनसनी फैल गई।
   वाराणसी जिले के नई कालोनी पांडेयपुर निवासी 35 वर्षीय कुमारी ज्योति पुत्री कांता मौर्य मां शारदा पीजी कालेज शंभूपुर में बीटीसी विभाग में गेम टीचर के पद पर पांच वर्ष से कार्यरत थीं। वह कालेज के हॉस्टल में बने कमरे में रहती थीं। कालेज में कई दिनों से प्रवचन व यज्ञ का कार्यक्रम चल रहा है। कालेज के सभी टीचर्स को अलग-अलग कार्यो की जिम्मेदारी सौंपी गई है। बुधवार की शाम को लगभग तीन बजे जब ज्योति नहीं दिखाई दी तो उनकी खोजबीन होने लगी। कालेज के एक टीचर उन्हें खोजते हुए उनके कमरे में पहुंचे। दरवाजा अंदर से बंद देख दरवाजा खोलवाने का प्रयास किया। दरवाजा नहीं खुला तो जोर से धक्का मारा, धक्का देते ही दरवाजा खुल गया। उक्त अध्यापक जब कमरे के अंदर गए तो पंखे में रस्सी के सहारे अध्यापिका का शव झूलते देख सन्न रह गए। शोर मचाने पर कालेज में मौजूद सभी शिक्षक वहां पहुंच गए। शव मिलने की सूचना मिलते ही सीओ बूढ़नपुर के साथ एसडीएम बूढ़नपुर व अहरौला थानाध्यक्ष भी पुलिस फोर्स के साथ मौके पर पहुंच गए। कालेज के मैनेजर ने मृत अध्यापिका के परिवारजनों को भी फोन कर सूचना दी। मृत शिक्षिका अविवाहित थी। इस मामले में सीओ का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट व मामले की छानबीन के बाद ही कुछ स्पष्ट कहा जा सकता है।

आजमगढ़ रिपोर्ट 

No comments