लाठी डंडे से पीटकर चाय विक्रेता की हत्या, परिवार में कोहराम
आजमगढ़ : शहर कोतवाली क्षेत्र के हाफिजपुर-जुनदेगंज के बीच स्थित धर्मकांटा के समीप शनिवार की रात लोहे के राड व लाठी डंडा से प्रहार कर एक चाय विक्रेता की हत्या कर दी गई।
शहर कोतवाली क्षेत्र के सिकरौरा गांव निवासी 27 वर्षीय शिव मूरत चौहान पुत्र सहबल्ली चौहान की शहर के बिलरियां की चुंगी के पास चाय की दुकान है। वह इसी दुकान के भरोसे अपने परिवार का भरण पोषण करता था। परिजनों का कहना है कि वह शनिवार की देर शाम को घर से दुकान जाने के लिए निकला था। रास्ते में हाफिजपुर-जुनैदगंज के बीच स्थित धर्मकांटा के पास अज्ञात हमलावरों ने लोहे की राड व लाठी डंडे से पीट-पीट कर उसे अधमरा कर दिया। हमलावर उसे मृत समझ कर सड़क के किनारे छोड़कर फरार हो गए। राहगीरों की नजर खून से लथपथ सड़क के किनारे पड़े युवक पर पड़ी तो उन्होंने यूपी 100 पुलिस को सूचना दी। यूपी 100 की पुलिस मौके पर पहुंची और उसे रात लगभग पौने ग्यारह बजे जिला अस्पताल में भर्ती कराया। इलाज के लगभग पंद्रह मिनट बाद उसकी मौत हो गई। अस्पताल में मौजूद लोगों ने उसकी पहचान कर परिजनों को बताया तो परिवार के लोग भी मौके पर पहुंच गए। शव की शिनाख्त होते ही परिवार में कोहराम मच गया। दूसरे दिन रविवार को पुलिस ने पंचायतनामा बनाकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। परिजनों ने बताया कि उसके सीने पर किसी भारी वस्तु से प्रहार किया गया था शरीर के अन्य स्थान पर राड से चोट के निशान थे। मृतक को एक बेटा व चार बेटी हैं। घटना के बाद से परिवार में कोहराम मचा हुआ है। पत्नि व मां व बच्चों का रो-रो कर बुरा हाल है। मृत शिवमूरत के एक पुत्र व चार पुत्रियां हैं। इस घटना के बारे में जब बलरामपुर चौकी प्रभारी बृजेश सिंह से पूछा गया तो उन्होंने कहा कि वे दबिश में बाहर आए हुए हैं। वहीं शहर कोतवाल विनय कुमार मिश्र ने कहा कि उन्हें इस हत्या की कोई जानकारी नहीं है। हत्या की सूचना अभी तक उन्हें किसी ने नहीं दी है।
आजमगढ़ रिपोर्ट

No comments