दीवानी न्यायालय अभिभाषक संघ का मतदान शांतिपूर्ण ढंग से हुआ संपन्न, 1265 मतदाताओं ने लिया हिस्सा
आजमगढ़ : दीवानी न्यायालय अभिभाषक संघ के मतदान को लेकर सुबह से वकीलों के बीच काफी गहमागहमी रही। ठंड के मौसम में भी मतदान के लिए दूरदराज से मतदाता गुरुवार को सुबह ही कचहरी आना शुरू कर दिए थे। मतदान को शांतिपूर्वक संपन्न कराने के लिए पुलिस प्रशासन की ओर से काफी संख्या में पुलिस के साथ ही पीएसी के जवान तैनात किए गए थे। दीवानी परिसर के बाहर से लेकर अंदर तक चप्पे-चप्पे पर फोर्स तैनात रही। वहीं इस चुनाव के लिए प्रत्याशियों के समर्थक अधिवक्ता अलग-अलग खेमे में बंटे हुए नजर आ रहे थे। समर्थकों में अपने प्रत्याशियों के प्रति वोट दिलाने को लेकर काफी उत्साह नजर आ रहा था। मतदान के दौरान सभी प्रत्याशी संघ के मतदाताओं को अपनी तरफ आकृष्ट करते नजर आए। गुरुवार की सुबह नौ बजे से मतदान शुरू हुआ, जो शाम पांच बजे तक चला। इस चुनाव में कुल 49 उम्मीदवार विभिन्न पदों के लिए मैदान में उतरे हुए हैं। ठंड के चलते सुबह से ही मतदान धीमी गति से शुरू हुआ। दोपहर डेढ़ बजे तक कुल 950 वोट ही पड़े थे। दोपहर बाद मतदान की गति ने तेजी पकड़ी। शाम पांच बजे मतदान समाप्ति तक कुल 1777 मतदाताओं में 1265 लोगों ने मतदान में हिस्सा लिया। मतदान समाप्ति के बाद जगह-जगह समूहों में खड़े अधिवक्ता चुनाव के रुझानों की अपने-अपने स्तर से कयास लगाते नजर आए। चुनाव अधिकारी राम मनोरथ त्रिपाठी ने बताया कि शुक्रवार की सुबह आठ बजे से मतगणना शुरू होगी।

No comments