जनपद में सीएम योगी का आगमन 21को, पूर्वांचल एक्सप्रेस वे की प्रगति की करेंगे समीक्षा
आजमगढ़ : मुख्यमंत्री आदित्यनाथ योगी द्वारा 21 दिसम्बर को पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे का हवाई सर्वेक्षण तथा पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे के प्रगति की समीक्षा के संबंध में आयुक्त आजमगढ़, डीआईजी, डीएम, एसपी द्वारा संयुक्त रूप से पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे के तैयारियों के सम्बन्ध में निरीक्षण किया गया तथा हेलीपैड का निरीक्षण किया गया।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शुक्रवार को पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे के निर्माण कार्य का हवाई सर्वेक्षण करेंगे। इसके बाद किशुनदासपुर में पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे के निर्माण कार्य की प्रगति की समीक्षा अफसरों के साथ करेंगे। सीएम दोपहर तीन बजे पहुंचेंगे और शाम चार बजे बनारस के लिए रवाना हो जायेंगे। कार्यक्रम स्थल पर तीन शामियाना व समीक्षा बैठक स्थल को बैरिकेडिंग के साथ सुरक्षित कर दिया गया। यूपी एक्सप्रेस वेज इंडस्ट्रियल डेवलमेंट अथारिटी (यूपीडा) के गोदाम के पास ही एक हेलीपैड बनाया गया है। इस कार्यक्रम में आम पब्लिक के लिए कोई व्यवस्था नहीं की गई है। समीक्षा यूपीडा के अस्थाई कार्यालय में होगी। वहीं बाहर तीन शामियाना लगाए गए हैं। एक में मंडल के सभी सांसदों, विधायकों व भाजपा जिलाध्यक्षों के बैठने की व्यवस्था रहेगी।वहीं दूसरे शामियाना में अन्य अफसर व पार्टी पदाधिकारी रहेंगे। एक अन्य टेंट प्रेसप्रतिनिधियों के लिए बनायागया है। कमिश्नर जगतराज ने पीएनसी के प्रोजेक्ट मैनेजर एसपी सिंह को स्विस काटेज बनाने तथा पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे से संबंधित कार्यों संबंधी जानकारी को अपडेट करने के संबंध में दिशा निर्देश दिया गया। इस अवसर पर एसडीएम निजामाबाद वागीश कुमार शुक्ला, तहसीलदार सदर हेमन्त कुमार गुप्ता, सहित पीडब्ल्यूडी के अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम स्थल पर पीएसी व जिले की फोर्स के साथ मऊ व बलिया से आई फोर्स की तैनाती रहेगी।
कमिश्नर जगतराज ने बताया कि इस दौरान तहबरपुर भवरनाथ मार्ग पर यातायात पूरी तरह से प्रतिबंधित रहेगा। इस रूट पर आने जाने वाले वाहनों को मंदुरी होकर आवागमन करना होगा। कार्यक्रम स्थल को पूरी तरह से बांस बल्लियों से बैरिकेड कर दिया गया है।

No comments