पुरानी रंजिश व अवैध संबंध को लेकर ग्राम प्रधान को मारी गोली, पुलिस ने किया गिरफ्तार
आजमगढ़ : तहबरपुर थाना क्षेत्र में ग्राम प्रधान पर हुए जानलेवा हमले में नामजद आरोपी चचेरे भाई को सोमवार को पुलिस ने घटना में प्रयुक्त तमंचा के साथ गिरफ्तार कर लिया।
तहबरपुर थाने के चकसुदी राजा (सुदईपुर) गांव निवासी ग्राम प्रधान 45 वर्षीय मंजूर अहमद उर्फ मकबूल अहमद पुत्र मशरूल्लाह शुक्रवार की रात में घर पर खाना खाने के बाद सौ मीटर दूरी पर मड़ई में सोने जा रहे थे। इस बीच रास्ते में पहले से घात लगाए बैठे हमलावरों ने पीछे से गोली मार दी। गोली लगने से घायल ग्राम प्रधान को जिला अस्पताल से डाक्टरों ने वाराणसी के लिए रेफर कर दिया था। घायल ग्राम प्रधान के भाई की तहरीर पर पुलिस ने प्रधान के चचेरे भाई सहित तीन लोगों के खिलाफ नामजद मुकदमा दर्ज किया था। घटना के कारणों को लेकर पुलिस उलझी रही। तहबरपुर थाने की पुलिस ने सोमवार को सुबह मुखबिर की सूचना पर क्षेत्र के अवती तिराहे के पास से नामजद आरोपी अली आजम को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार अलीआजम पुत्र हबीबुल्लाह ग्राम प्रधान का चचेरा भाई है। अलीआजम से भूमि की रंजिश पहले से ही चल रही है। अली आजम की भाभी से प्रधान का अवैध संबंध चल रहा था। भाइयों के अलग रहने के चलते चाह कर भी वह प्रतिरोध नहीं कर पा रहा था। अंदर ही अंदर प्रधान से बदला लेने के लिए उसने रणनीति बनाई। इसके लिए उसने मुबारकपुर क्षेत्र से साढ़े तीन हजार का तमंचा खरीदा था। इस घटना में शामिल दो अन्य नामजद आरोपित वीरेंद्र शर्मा व अखिलेश गुप्त को तहबरपुर पुलिस ने रविवार को ही गिरफ्तार कर उन दोनों का चालान कर दिया था।
आजमगढ़ रिपोर्ट

No comments