मामूली विवाद को लेकर हुई फायरिंग, तीन घायल
आजमगढ़ : जीयनपुर कोतवाली क्षेत्र में रविवार की दोपहर को दो पक्षों के बीच मामूली विवाद को लेकर आपस में जमकर मारपीट हुई। मारपीट के दौरान एक पक्ष ने असलहे से फायरिंग भी की। गोली लगने से दूसरे पक्ष के एक लोग घायल हो गए। जबकि मारपीट में भी दो लोग घायल हो गए।
प्राप्त जानकारी के अनुसार जीयनपुर कोतवाली क्षेत्र के डिघवनिया मझउवां गांव निवासी राय व यादव पक्ष के बीच प्रेम प्रपंच की बात को लेकर दो दिन पूर्व आपस में कहासुनी व मारपीट हुई थी। इसी रंजिश को लेकर रविवार की दोपहर को लगभग साढ़े बारह बजे दोनों पक्षों के बीच नोकझोक होने के दौरान आपस में लाठी डंडा से मारपीट होने लगी। यादव पक्ष का कहना है कि मारपीट के दौरान दूसरे पक्ष के लोगों ने उनके घर पर चढ़कर असलहे से हवाई फायरिंग की। जिससे यादव पक्ष की ओर से 25 वर्षीय अमित यादव पुत्र जंगी यादव के कंधे पर गोली लगने से वह घायल हो गया। जबकि लाठी डंडा से हुए हमले में एक पक्ष के 35 वर्षीय राजीव यादव पुत्र दशरथ यादव व दूसरे पक्ष के 25 वर्षीय मुरली राय पुत्र श्रीराम राय भी घायल हो गए। घायलों में अमित व राजीव रोजगार सेवक के पद पर कार्यरत हैं। ग्रामीणों के ललकारने पर राय पक्ष के लोग मौके से भाग गए। आक्रोशित ग्रामीणों ने दूसरे पक्ष के मुरली राय की रास्ते में खड़ी कार में आग लगा दी। फायरिंग व आगजनी की खबर पाकर जीयनपुर कोतवाली की पुलिस फोर्स भी मौके पर पहुंच गई। छानबीन के दौरान कोतवाल ने मौके से कारतूस का खोखा बरामद किया।
जीयनपुर कोतवाली प्रभारी निरीक्षक देवानंद ने बताया कि दोनों पक्ष के युवकों हमेशा साथ रहते थे। शनिवार को दारू पीने के दौरान दोनों के बीच विवाद हो गया था। इसे लेकर रविवार को दोनों पक्षों के बीच भिड़ंत हो गई। एक पक्ष की ओर से फायरिंग किए जाने की सूचना मिलने पर पुलिस के पहुंचते ही हमलवार फरार हो चुके थे। बहरहाल पीड़ित पक्ष की तहरीर पर गांव के चार युवकों के खिलाफ 307 का मुकदमा दर्ज कर तलाश की जा रही है।
आजमगढ़ रिपोर्ट

No comments