विद्युत पोल से टकराकर बाइक सवार की मौत
आजमगढ़ : अहरौला थाना क्षेत्र के राजाराम नगर बाजार के समीप शुक्रवार की रात को बाइक अनियंत्रित होकर विद्युत पोल से टकरा गई। जिससे बाइक सवार युवक की मौत हो गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार पवई थाना क्षेत्र के दोस्तपुर गांव निवासी 25 वर्षीय राजकुमार बनवासी पुत्र संतलाल बनवासी सुखीपुर ईंट भट्ठे पर अपनी पत्नी के साथ मजदूरी करता था। वह शुक्रवार की रात को किसी कार्यक्रम में शामिल होने के लिए गया था। ग्रामीणों का कहना है कि शुक्रवार को कार्यक्रम से रात को लगभग दस बजे बाइक पर सवार होकर भट्ठे पर काम कर रही पत्नी को लाने के लिए जा रहा था। रास्ते में वह सुखीपुर मोड़ से पहले ही राजाराम नगर बाजार के पास पहुंचा था। तभी बाइक अनियंत्रित होकर सड़क के किनारे गड़े विद्युत पोल से टकरा गई। इस दुर्घटना में वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घायलावस्था में उसे ग्रामीणों ने अस्पताल में भर्ती कराया। इलाज के दौरान रात में ही उसकी मौत हो गई। दूसरे दिन शनिवार को सुबह पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
आजमगढ़ रिपोर्ट

No comments