Breaking Reports

समाधान दिवस पर अनुपस्थित अधिकारियों का काटेगा वेतन, मंडलायुक्त ने दिया निर्देश



आजमगढ़ : मंगलवार को तहसील निजामाबाद के सभागार में उच्च अधिकारियों की उपस्थिति में संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। इस दौरान जिला कृषि अधिकारी, जिला पंचायत राज अधिकारी, जिला पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी, जिला प्रोबेशन अधिकारी, जिला सेवायोजन अधिकारी, सहायक निदेशक मत्स्य, अधिशासी अभियंता जल निगम, सेवा अभियंता यूपी एग्रो उपस्थित नहीं थे। मंडलायुक्त जगत राज ने निर्देश दिए कि इनमें से जो अधिकारी बिना अनुमति प्राप्त किए अनुपस्थित हैं, उनका एक दिन का वेतन काटने की कार्रवाई की जाए। मौके पर कतिपय अधिकारियों उपस्थिति पंजिका में हस्ताक्षर नहीं बनाए गए थे। इस पर असंतोष व्यक्त करते हुए सभी अधिकारियों को निर्देशित किया कि संपूर्ण समाधान दिवस पर पंजिका में उपस्थिति अनिवार्य रूप से अंकित की जाए।
    मंडलायुक्त ने निर्देशित किया कि दूरदराज से आए फरियादियों की समस्याओं के निस्तारण में पूरी गंभीरता बरती जाए। यह सुनिश्चित किया जाए कि समस्याओं का स्थाई समाधान हो जिससे फरियादी को पुन: उसी समस्या को लेकर पुन: आने की जरूरत न पड़े। डीआइजी विजय भूषण, डीएम शिवाकांत द्विवेदी, सीडीओ कमलेश कुमार सिंह, एसपी रवि शंकर छवि ने भी फरियादियों की समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों को निस्तारण के लिए उचित दिशा निर्देश दिए। इस अवसर पर विधायक आलमबदी आजमी, सीएमओ डा. रवींद्र कुमार, डीडीओ रवि शंकर राय, पीडी डीडी शुक्ला, एसडीएम वागीश कुमार शुक्ला, सीओ मु. अजमल खां सहित अन्य जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित थे।

आजमगढ़ रिपोर्ट 

No comments