Breaking Reports

चोरों ने दवा प्रतिनिधि के घर का ताला तोड़ उड़ाया लाखों का सामान



आजमगढ़ : नगर के जाफरपुर शंकर कालोनी में सोमवार की रात में दवा एजेंट के सूने घर को चोरों ने खंगाल डाला।
    सिधारी थाने के जाफरपुर के शंकर नगर कालोनी निवासी सुमित कुमार दास पुत्र स्व.एचएम दास दवा प्रतिनिधि के रूप में काम करते हैं। वह परिवार सहित अपने रिश्तेदार से कोलकाता मिलने गए हैं। मकान पर ताला बंद था। बगल में ही उनके साले उत्तम दास का भी मकान है। सोमवार की रात चोरों ने मकान का ताला तोड़ कर अंदर घुस गए और कई कमरों का ताला तोड़ कर पूरे घर को खंगाल डाला। घर में रखे आलमारी का ताला तोड़कर लाकर में रखे 12 हजार रुपये नकदी के अलावा सोने की सिकड़ी, चार अदद ब्रेसलेट, झुमका, 12 अंगूठी, कान की बाली, टप्स, हार, चांदी के चार सिक्का समेत अन्य सामान उठा ले गए। घटना की जानकारी लोगों को तब हुई जब उत्तम की पुत्री मंगलवार की सुबह अपने मकान के छत पर गई। सुमित के छत का दरवाजा खुला देख उसने अपने पिता को बताया। उत्तम दास जब बहनोई के घर पहुंचे तो मकान के मुख्य गेट का ताला टूटा पाया। उन्होंने यूपी 100 के साथ ही कोलकाता गए अपने बहनोई को भी फोन कर सूचना दी। कालोनी में पूछताछ कर पुलिस वापस चली गई। कालोनी के अंदर चोरी की गई घटनाओं के बाद भी एक भी चोरी का खुलासा न होने से लोगों में आक्रोश रहा। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस छानबीन कर लौट गई। इस संबंध में सिधारी थानाध्यक्ष रामायण सिंह ने कहा कि पीड़ित के साला की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर घटना की छानबीन की जा रही है। सूचना मिलने पर गृहस्वामी परिवार सहित कोलकाता से घर के लिए चल दिए हैं।

आजमगढ़ रिपोर्ट 

No comments