Breaking Reports

पूर्वाचल एक्सप्रेस-वे पूर्वी उत्तर प्रदेश के रीढ़ की हड्डी बनेगी : सीएम योगी



आजमगढ़ : पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे के निर्माण कार्यो की प्रगति का जायजा लेने शुक्रवार को जनपद पहुंचे सीएम योगी आदित्यनाथ ने कहा कि यह एक्सप्रेस-वे पूर्वांचल के विकास का बैक बोन साबित होगा। सीएम ने कहा कि पूर्वी उत्तर प्रदेश को जोड़ने वाला 341 किमी लंबा पूर्वाचल एक्सप्रेस-वे देश का सबसे बड़ा एक्सप्रेस-वे 24 माह के अंदर देश को समर्पित होगा।  यूपी एक्सप्रेस वेज इंडस्ट्रियल डेवलमेंट अथारिटी (यूपीडा)को 15 जून तक इसके जमीन पर काम को पूरा करने के निर्देश दिए ताकि बरसात में इसकी सही तरीके से प्राकृतिक लाभ मिल पाए। वहीं प्रशासनिक अफसरों को जमीन अधिग्रहण तय समय पर पूरा करने के साथ ही किसानों को उचित समय में मुआवजा दिए जाने के निर्देश दिए। कहा कि इसके लिए किसानों से पहले ही संवाद स्थापित किया जाय ताकि किसी प्रकार की याचिका में यह काम न फंसे। उन्होंने कहा कि रास्ते में आने वाले पेड़ वन विभाग से नियमानुसार अनुमति लेकर ही काटें और उससे अधिक पेड़ लगाने की व्यवस्था के साथ ही आगे बढ़ें। उन्होने निर्माण के दौरान होने वाली सड़कों के डैमेज को संबंधित कंपनियों को ही मरम्मत करवाने के निर्देश दिए।
    मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का राजकीय हेलीकाप्टर पूर्व निर्धारित कार्यक्रम से एक घंटे देर से शाम तकरीबन साढे चार बजे समीक्षा स्थल किशुनदासपुर पहुचे। मंडल के वरिष्ठ अफसरों, यूपीडा एवं संबंधित विभाग के अफसरों के साथ बेहद संक्षिप्त सात मिनट में अपनी समीक्षा पूरी की। इस दौरान उन्होने कार्यदायी संस्थाओं से दिक्कतों के बारे में पूछा। मिट्टी की जरूरत के लिए पर्याप्त व्यवस्था का हवाला देते हुए कहा कि स्थानीय प्रशासन से परमिशन लेकर तालाब आदि से मिट्टी निकलवाएं। शुक्रवार को ही पूर्वांचल एक्सप्रेस वे के दो अन्य स्थानों पर समीक्षा करके जनपद पहुंचे सीएम निर्माण कार्यो की प्रगति पर संतोष व्यक्त किया। वहीं प्रेस प्रतिनिधियों से बातचीत में कहा कि एक्सप्रेस वे के दोनों ओर औद्योगिक गलियारा विकासित करेंगे ताकि पूर्वांचल के युवाओं के लिए रोजगार के नए नए अवसर बने। उन्होने कहा कि पूर्वाचल एक्सप्रेस-वे पूर्वी उत्तर प्रदेश के रीढ़ की हड्डी बनेगी। इस एक्सप्रेस वे से अति पिछड़ा पूर्वांचल प्रदेश की राजधानी एवं देश की राजधानी से जुड़ जाएगा। इस दौरान सांसद नीलम सोनकर, कमिश्नर जगतराज, डीआईजी विजय भूषण, डीएम शिवाकांत द्विवेद्वी, एसपी रविशंकर छवि, भाजपा जिलाध्यक्ष जयनाथ सिंह समेत मंडल के तीनों जिलों के अफसर, भाजपा के नेता पदाधिकारी मौजूद थे।

No comments