Breaking Reports

अवैध निर्माण व प्लाटिंग पर चला विकास प्राधिकरण का बुल्डोजर



आजमगढ़ : प्रतिबंधित क्षेत्र में अवैध निर्माण और प्लाटिंग के खिलाफ गुरुवार को भी विकास प्राधिकरण का अभियान जारी रहा। विभागीय टीम ने दो मकानों पर ध्वस्तीकरण की कार्रवाई की तो अवैध प्लाटिंग को भी गिरा दिया गया। संबंधित को कारण बताओ नोटिस जारी करते हुए थाना को फोर्स सहित काम रोकने की सूचना दी गई। 
   विकास प्राधिकरण के सचिव ने मानचित्रकार बृजभूषण विश्वकर्मा के साथ निरीक्षण किया। नरौली क्षेत्र के अंतर्गत तमसा के प्रतिबंधित हरितपट्टी में बिना मानचित्र स्वीकृत कराए लगभग तीन बीघा क्षेत्रफल में प्लाटिंग की गई। पता चला कि विवेक गुप्ता आदि द्वारा प्लाटिंग का कार्य कराया जा रहा है। मौके पर कुछ विकास कार्य किया जा रहा था जिसे रोकवा दिया गया। उत्तर प्रदेश नगर योजना एवं विकास अधिनियम.1973 की धारा 27 व 28 के अंतर्गत कार्रवाई की गई। इसी प्रकार मड़या जयराम में वनीकरण क्षेत्र में बवाली मोड़ से शाहीपुल जाते समय शारदा देवी द्वारा लगभग 18 बाई 45 माप में कुल 10 आरसीसी कॉलम खड़े किए जा रहे थे, जिसे तत्काल प्रभाव से गिरा दिया गया। इसी स्थान पर रामाश्रय यादव द्वारा लगभग 10 भूखंड प्लांटग कर बेची गई है, जिसके गिरवाने की कार्रवाई की जा रही है। चेतावनी दी गई कि भविष्य में पुनः निर्माण व प्लाटिंग होती पाई गई तो एफआइआर दर्ज करने के साथ ही अन्य कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

आजमगढ़ रिपोर्ट

No comments