मोबाइल सीवर प्लांट से होगा गंदे नाली का पानी साफ
आजमगढ़ : मुकेरीगंज स्थित नेशनल फोम सेंटर के समीप से ब्रह्मस्थान से शिब्ली कालेज होते हुए तमसा नदी में गिरने वाले नाले का बुधवार को जिलाधिकारी शिवाकांत द्विवेदी ने निरीक्षण किया। नेशनल फोम सेंटर मुकेरीगंज के पास बहने वाले नाले पर मोबाइल सीवर ट्रीटमेंट प्लांट लगाने के लिए जिलाधिकारी ने प्रतिष्ठान संचालक मो. सलीम से कहा।
दी आर्ट ऑफ लिविंग इंटरनेशनल सेंटर कंसल्टेंट (पर्यावरण) के मैनेजिंग डायरेक्टर अनिल कपूर ने मोबाइल सीवर ट्रीटमेंट प्लांट लगाने के संबंध में आवश्यक दिशा निर्देश दिए। उन्होंने बताया कि मोबाइल सीवर ट्रीटमेंट प्लांट के अंतर्गत 1000 लीटर की टंकी को पूरा पानी से भरने के बाद उसमें एक लीटर एंजाइम मिलाने के बाद 12 घंटे के लिए छोड़ा जाएगा। उसके बाद टंकी के पानी को टोटी के माध्यम से नाले में धीमी गति से गिराया जाएगा। टंकी में एंजाइम मिलाने से बैक्टीरिया में दोगुने अनुपात से वृद्धि होने लगती है। उन्होंने बताया कि इस मोबाइल सीवर ट्रीटमेंट प्लांट से नाले के गंदे पानी में ऑक्सीजन की मात्रा बढ़ेगी और गंदा पानी भी साफ हो जाएगा। उन्होंने अधिशासी अधिकारी नगर पालिका वीरेंद्र श्रीवास्तव को मोबाइल सीवर ट्रीटमेंट प्लांट की टंकी में 1000 लीटर पानी के अनुपात में एक लीटर एंजाइम प्रतिदिन डालने के लिए निर्देश दिए। इस अवसर पर प्रशासन व नगर पालिका के अन्य अधिकारी व कर्मचारी थे।

No comments