दूध बेचकर घर जा रही महिला को मारी गोली
आजमगढ़ : जीयनपुर कोतवाली क्षेत्र के छत्तरपुर खुशहाल गांव में गुरुवार की देर शाम को घर जा रही महिला को हमलावरों ने गोली मार दी। गोली से घायल महिला को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार छत्तरपुर खुशहाल गांव निवासी 40 वर्षीय उर्मिला देवी पत्नी प्रभुनाथ गुरुवार की देर शाम को लगभग साढ़े छह बजे अंजानशहीद से दूध बेचकर पैदल घर जा रही थी। महिला का आरोप है कि वह गांव स्थित प्राथमिक विद्यालय के पास पहुंची थी, उसी दौरान उसके जेठ राम प्रसाद, भुआल पुत्रगण साधू व भतीजा संदीप व श्रीकांत पुत्रगण रामप्रसाद ने उसे पकड़ लिया और विद्यालय के अंदर ले जाने का प्रयास करने लगे। उसने प्रतिरोध किया तो आरोपितों ने असलहे से गोली मार दी। गोली हाथ में लगने से वह घायल हो गई। महिला की चीख-पुकार सुनकर ग्रामीणों को आते देख हमलावर फरार हो गए। घायल महिला को लेकर परिजन जीयनपुर कोतवाली पहुंचे। वहां से उसे अस्पताल में ले जाकर भर्ती कराया गया है। इस संबंध में घायल महिला की ओर से उक्त चार लोगों के खिलाफ तहरीर दी गई है। जीयनपुर कोतवाल ने बताया कि आरोपित पट्टीदार हैं। उनसे महिला के परिजन से भूमि को लेकर रंजिश चल रही है। इस रंजिश को लेकर पूर्व में भी कई बार संघर्ष हो चुका है। हत्या के इरादे से मारी गोली गई है। पुलिस रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है।

No comments