पीलिया का प्रकोप जारी, नपा प्रशासन व स्वास्थ्य विभाग की टीम ने निकाली जागरूकता रैली
आजमगढ़ : मुबारकपुर नगर पालिका क्षेत्र में लगभग एक पखवाड़े से फैली पीलिया की बीमारी अब गांवों में भी पांव पसार रही है। गुरुवार को कस्बा एवं गांव के लगभग आधा दर्जन नए मरीज मिले। नगर पालिका प्रशासन एवं स्वास्थ्य विभाग की टीम कस्बे में जन जागरूकता रैली निकालकर लोगों को जागरूक कर रही है, तो कस्बेवासियों ने बीमारी को रोकने के लिए कस्बा में भ्रमण कर प्रार्थना की। कस्बे मे फैली संक्रामक बीमारी पीलिया से बचाव के लिये सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र प्रभारी डा. सी यादव व पालिका अध्यक्ष के प्रतिनिधि अब्दुल मजीद अंसारी के नेतृत्व में गुरुवार को जागरूकता रैली निकाली गई। इस दौरान 'गर्म पानी पीएंगे, स्वस्थ जिंदगी जीएंगे' आदि के नारे लगाए गए। साथ ही खान-पान एवं रहन-सहन आदि के लिए लोगों को जागरूक किया गया। रैली सीएचसी से शुरू होकर पुराखिजिर, पुरानी बस्ती, पुरारानी, पुरादीवान, शाहमुहम्मदपुर, कटरा, अलीनगर होते नपा परिसर में आकर समाप्त हुई।
सीएचसी प्रभारी डा.सी. यादव ने बताया कि नगर में पीलिया बीमारी अब नियंत्रण में है। सिर्फ हमें सावधानी बरतने की आवश्यकता है और खान-पान पर विशेष ध्यान देना है। इस मौके पर डा. अब्दुल अजीज, डा. नवीन वर्मा, डा. मनोज राव, डा. नरेंद्र कुमार, डा. फरजाना आदि मौजूद थे।

No comments