Breaking Reports

सड़क हादसे में कलक्ट्रेट के सहायक नाजिर की पत्नी संग मौत



आजमगढ़ : जौनपुर जिले के फतेहगंज के समीप शनिवार की सुबह हुए सड़क हादसे में कलक्ट्रेट के सहायक नाजिर की पत्नी संग मौत की खबर से सभी लोग स्तब्ध हैं।
    जिले के फूलपुर क्षेत्र के मूल निवासी 38 वर्षीय संदीप श्रीवास्तव कलेक्ट्रेट कार्यालय में सहायक नाजिर के पद पर कार्यरत थे। इसी के साथ ही वह जनसूचना प्रभारी भी थे। वह अपनी पत्नी व बेटी के साथ शहर के अराजीबाग मोहल्ले में रहते थे। उनकी इकलौती पुत्री 12 वर्षीय खुशी शहर के ज्योति निकेतन स्कूल कक्षा पांच की छात्रा है। वह अपनी पत्नी 35 वर्षीय मीनाक्षी श्रीवास्तव व बेटी खुशी श्रीवास्तव के साथ अपनी कार पर सवार होकर शनिवार की सुबह इलाहाबाद से आजमगढ़ आ रहे थे। जौनपुर जिले के फतेहगंज के समीप यह दुर्घटना हो गई। इसमें उनकी बेटी घायल हो गई। मौत की खबर जब लोगों को हुई तो लोग स्तब्ध हो गए। शहर से लेकर गांव के लोग भी उनकी मौत से मर्माहत हैं। वे अपने मृदु स्वभाव के चलते कलेक्ट्रेट के अधिकारियों व कर्मचारियों के साथ ही आम लोगों के भी चहेते थे।
    लोगों का कहना है कि कलेक्ट्रेट पर आने वाले पीड़ितों की समस्याओं को वह गंभीरता से सुनते थे। संदीप के पिता जगदीश लाल श्रीवास्तव भी कलेक्ट्रेट में कार्यरत थे। उनकी वर्ष 2003 में बीमारी के चलते मौत हो गई थी। पिता की मौत के बाद वे मृतक आश्रित पर नौकरी पाए थे। उनकी मां गाजीपुर में सीडीपीओ थी। मां का भी सड़क हादसे में मौत हो गई थी। संदीप तीन भाइयों में सबसे बड़े थे। भाइयों में मोनू श्रीवास्तव व गुंजन श्रीवास्तव हैं।

कलेक्ट्रेट में शोक सभा का आयोजन



कलेक्ट्रेट के नाजिर संदीप श्रीवास्तव व उनकी पत्नी का कार दुर्घटना में मृत्यु हो जाने पर कलेक्ट्रेट के सभागार में जिलाधिकारी के नेतृत्व में शोक सभा का आयोजन किया गया। संदीप श्रीवास्तव व उनकी पत्नी के मृत आत्मा के शान्ति के लिए 02 मिनट का मौन धारण कर श्रद्धांजली दी गयी। इस अवसर पर उप निदेशक समाज कल्याण सुरेश चन्द्र, सहायक निदेशक अभियोजन ओम नारायण विश्वकर्मा, प्रशासनिक अधिकारी दीप चन्द सहित समस्त कर्मचारी उपस्थित रहे।

No comments