गुरुगोविंद सिंह का प्रकाशोत्सव पर निकाली गई शोभायात्रा, कलाकारों ने हैरतअंगेज करतबों का किया प्रदर्शन
आजमगढ़ : सिख धर्म के दसवें गुरु गोविंद सिंह का 352वां प्रकाशोत्सव रविवार को धूमधाम से मनाया गया। नगर के मातबरगंज स्थित श्री सुंदर गुरुद्वारे से निकली शोभायात्रा आकर्षण का केंद्र रही। निजामाबाद गुरुद्वारे के ग्रंथी सरदार सतनाम सिंह के नेतृत्व में सिख धर्म के अनुयायी गुरुद्वारे एकत्र हुए। शोभायात्रा में सिख समाज के लोगों ने पूरे उत्साह के साथ हिस्सा लिया। शोभा यात्रा में सबसे आगे हाथी, स्थानीय बैंड पार्टी के कलाकार रहे। उनके पीछे नए वाहनों पर सिख धर्म के गुरुओं के चित्र पर माल्यार्पण किया गया था। बरेली के सरदार इंद्रपाल सिंह लकी सोढ़ी एवं दीप सिंह का अखाड़ा खाखा के कलाकारों ने शस्त्र प्रदर्शन और हैरतअंगेज करतबों का प्रदर्शन कर लोगों का दिल जीत लिया। शोभायात्रा में पंच प्यारे घोड़ों पर सवार थे। जबकि अन्य वाहन पर सवार कीर्तन रागी जत्था सबद कीर्तन करते हुए चल रहा था। सिख समाज की महिलाएं भी धार्मिक गीतों को गाते बजाते हुए साथ चल रही थीं। शोभायात्रा में वाहन पर विराजमान गुरुग्रंथ साहिब वाले वाहन के आगे लोग साफ-सफाई करते हुए चल रहे थे। नगरपालिका प्रशासन के टैंकर से सड़कों पर जल का छिड़काव किया जा रहा था। शोभायात्रा मातबरगंज स्थित गुरुद्वारे से शुरू होकर बड़ादेव, कालीचौरा, कालीनगंज, पुरानी कोतवाली, जामा मस्जिद, पांडेय बाजार, बड़ी संगत कटरा, पुरानी सब्जी मंडी, चौक होते हुए मातबरगंज पहुंचकर समाप्त हुई। देर शाम गुरुद्वारे में कीर्तन दरबार सजा और अटूट लंगर के साथ रात में कार्यक्रम संपन्न हो गया।

No comments