एक दिन पूर्व लापता किशोर का शव मिला, परिजनों ने हत्या की आशंका जताई
आजमगढ़ : महराजगंज थाना क्षेत्र में लापता हुए किशोर का शव मंगलवार की दोपहर को गांव के बाहर स्थित बांसवारी में कटे बांस की खूंटी के बीच से बरामद हुआ। परिजनों ने हत्या की आशंका जताई है। वहीं शव मिलने के बाद पुलिस ने घटना की छानबीन शुरू कर दी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार महाराजगंज थाना क्षेत्र के गोंदापुर गांव निवासी 17 वर्षीय बृजभान साहनी पुत्र मोती साहनी कक्षा 10 का छात्र था। वह सोमवार की सुबह लगभग छह बजे खुरपा लेकर गन्ना काटने की बात कह कर घर से निकल गया। जब वह देर शाम तक घर वापस नहीं आया तो परिवार के लोग उसकी तलाश करने लगे। काफी तलाश के बाद भी उसका पता नहीं चल सका। दूसरे दिन मंगलवार की दोपहर को लगभग बारह बजे घर से ढाई सौ मीटर दूर स्थित बांसवारी में कटे बांस की खूंटियों के बीच में किशोर का शव मिला। शव देख ग्रामीण सन्न रह गए। सूचना मिलने पर यूपी 100 के साथ महराजगंज थाने की पुलिस भी मौके पर आ गई और छानबीन शुरू कर दी।
परिजन का कहना है कि मृत किशोर के गले में मफलर कसकर बंधा हुआ था। मफलर का एक सिरा बांस से बंधा हुआ मिला। परिजनों ने उसकी गला घोंटकर हत्या किए जाने की आशंका जताई है। मृत किशोर सात भाई-बहनों में सबसे छोटा था। उसकी मौत से परिवार में कोहराम मचा हुआ है। महराजगंज पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत का कारण स्पष्ट हो सकेगा। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया।

No comments