घर में चारपाई के नीचे से मिला युवक का शव
आजमगढ़ : बरदह थाना क्षेत्र के हदिसा दयालपुर गांव में बुधवार की सुबह घर में चारपाई के नीचे युवक का शव मिला। मृत युवक के गले में रस्सी का फंदा कसा हुआ था।
प्राप्त जानकारी के अनुसार हदिसा दयालपुर गांव निवासी 28 वर्षीय विकास जायसवाल पुत्र भुल्लर जायसवाल घर में अपनी मां माया देवी के साथ रहता था। उसकी मां मंगलवार की रात को पड़ोस में ही एक व्यक्ति के घर गई थी और रात में वहीं सो गई। इधर विकास भी रात में भोजन कर घर में चारपाई पर सो रहा था। बुधवार की सुबह पास-पड़ोस के लोगों ने विकास के घर का दरवाजा खुला देखकर जब वे घर के अंदर गए तो विकास का शव घर में चारपाई के नीचे पड़ा मिला। ग्रामीणों का कहना है कि उसके गले में रस्सी का फंदा कसा हुआ था। बेटा की मौत की खबर पाकर उसकी मां भी मौके पर आ गई। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल की छानबीन की। मां का आरोप है कि रात में सोते समय उसके बेटा की किसी ने गला घोंट कर हत्या कर दी है। मृत विकास गोसाईगंज क्षेत्र में स्थित एक प्राइवेट स्कूल में पढ़ाता था। वह तीन भाइयों में सबसे छोटा था। बड़े भाई मनोज, राहुल व पिता भुल्लर जीविकोपार्जन के लिए मुंबई में रहते हैं। उसकी एक वर्ष पूर्व शादी हुई थी। पत्नी प्रियंका देवी भी चार माह पूर्व अपने मायके गई हुई थी। मृत विकास के चाचा संतोष जायसवाल की मौजूदगी में पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

No comments