विवाद को लेकर लाठी-डंडे से पीटकर किया घायल, व्यक्ति की मौत
आजमगढ़ : कप्तानगंज थाना क्षेत्र के मुखलीसपुर गांव में गुरुवार की रात को लाठी-डंडा से हमला कर युवक को घायल किया। घायल युवक की इलाज के दौरान शनिवार की भोर में मौत हो गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार कप्तानगंज थाना क्षेत्र के मुखलीसपुर गांव निवासी 45 वर्षीय बीरज निषाद पुत्र स्व. रामनवल निषाद मजदूरी कर अपने परिवार का भरण-पोषण करता था। परिजन का कहना है कि 31 जनवरी की रात को लगभग आठ बजे वह शराब के नशे में धुत होकर अपने घर जा रहा था। गांव में पहुंचा तो गांव निवासी कन्हई राम से उसकी किसी बात को लेकर विवाद हो गया। विवाद के दौरान कन्हई व उसके परिजनों ने लाठी-डंडे से हमला कर दिया। हमले में वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घायलावस्था में परिजनों ने उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया। इलाज के दौरान उसकी शनिवार की भोर में मौत हो गई। मृत व्यक्ति के तीन पुत्र व एक पुत्री हैं। वह चार भाइयों में दूसरे नंबर पर था। इस संबंध में परिजन ने कप्तानगंज थाना में हमलावरों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराने के लिए तहरीर दे दी है। शव को पुलिस ने पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

No comments