दो पक्षों में मारपीट, घायल वृद्ध की इलाज के दौरान मौत
आजमगढ़ : महराजगंज थाना क्षेत्र में भूमि विवाद को लेकर एक पक्ष ने दूसरे पक्ष के एक वृद्ध को शुक्रवार की दोपहर को लाठी-डंडे से मारपीट कर घायल कर दिया था। घायल वृद्ध की इलाज के दौरान जिला अस्पताल में शुक्रवार की रात को मौत हो गई।
मिली जानकारी के मुताबिक महराजगंज थाना क्षेत्र नौबरार देवारा किता प्रथम गांव निवासी 65 वर्षीय सुरजू यादव पुत्र स्व. बैजनाथ यादव का गांव के ही निवासी राम किशुन व रामहित आदि से भूमि को लेकर काफी दिनों से आपस में विवाद चल रहा है। इसी विवाद को लेकर शुक्रवार की दोपहर को लगभग तीन बजे दूसरे पक्ष के लोगों ने लाठी डंडा से हमला कर दिया। इस हमले में सुरजू के साथ ही उनका पुत्र 36 वर्षीय राम सकल व 62 वर्षीय पारसनाथ पुत्र स्व. विश्वनाथ घायल हो गए। तीनों घायलों को परिजनों ने जिला अस्पताल में भर्ती कराया। इलाज के दौरान शुक्रवार की रात को लगभग नौ बजे सुरजू की मौत हो गई। मृत वृद्ध के दो पुत्र हैं, वह खेती बारी कर अपने परिवार का भरण पोषण करता था। शव को पुलिस ने पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

No comments