8 को मनाया जाएगा किशोरी दिवस, हेल्थकार्ड होगा जारी
आजमगढ़ : केंद्र सरकार की तरफ से संचालित पोषण अभियान के एक साल पूरे होने पर आठ से 22 मार्च तक पोषण पखवाड़ा मनाया जाएगा। मुख्य केन्द्र किशोरी व बालिकाओं में एनीमिया की समस्या के समाधान पर होगा। आठ मार्च यानी अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर सभी एएनएम सब-सेंटर पर किशोरी दिवस मनाया जाएगा। जिसमें हर किशोरी को हेल्थ कार्ड जारी किया जाएगा। मुख्य सचिव ने माध्यमिक शिक्षा, बाल विकास एवं पुष्टाहार और चिकित्सा, स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग के साथ ही डीएम को पत्र भेजकर जिम्मेदारी सौंपी है।
किशोरी दिवस पर 11 से 14 साल ही हर किशोरी को हेल्थ कार्ड जारी किया जाएगा। इसमें किशोरियों की ऊंचाई और वजन की माप के साथ खून की जांच शामिल हैं। किशोरियों का हीमोग्लोबिन का स्तर पर भी इस कार्ड में दर्ज होगा। खून की जांच रिपोर्ट के आधार पर किशोरियों को एनीमिया से बचने के लिए आयरन की गोलियों के सेवन और खान-पान संबंधी जानकारी दी जाएगी। किशोरियां स्कूल की छुट्टी के बाद सेंटर पर जाएंगी। सेंटर पर पहुंचने लिए प्रधानाध्यापक की मदद ली जाएगी। स्कूल न जाने वाली किशोरियों की जांच एएनएम द्वारा उप केंद्र पर की जाएगी।
साल 2015-16 में हुए नेशनल फैमिली हेल्थ सर्वे-4 के अनुसार प्रदेश की 15 से 19 साल की किशोरियां सबसे ज्यादा एनीमिया की गिरफ्त में हैं। इनकी तादाद 53.7 फीसद है। सामान्यत: महिलाएं और लड़कियां आयरन की गोलियों का सेवन दूध व चाय के साथ करती हैं, जो गलत है। आईएफए टैबलेट का सेवन विटामिन सी युक्त आहार जैसे नीबू, संतरा, आंवला आदि के साथ किया जाना चाहिए। भोजन में मेथी, पालक, बथुआ, सरसों, गुड़ आदि की मात्रा बढ़ानी चाहिए। अंकुरित दालों को हरी पत्तेदार सब्जियों के साथ पकाकर खाना चाहिए।
एसीएमओ डॉ. वाई के राय ने बताया कि पखवारे के दौरान नौ मार्च को ग्राम स्वास्थ्य, स्वच्छता और पोषण दिवस और कुपोषित और अति कुपोषित बच्चों का चिह्नांकन किया जाएगा। 10 मार्च को साइकिल रैली, 11 मार्च को स्कूलों में सुपोषण गोष्ठी, 12 मार्च को स्वयं सहायता समूहों की बैठक, 13 मार्च को वीरांगना दल द्वारा प्रभातफेरी निकाली जाएगी। 14 मार्च को रेसिपी प्रदर्शन व प्रतियोगिता, 15 मार्च को ममता दिवस, 16 मार्च को किसानों द्वारा गावों और शहर में पोषण हाट, 17 मार्च को पोषण दौड़, 18 मार्च को स्थानीय साग-सब्जी, फल से बनाए जाने वाले व्यंजनों की रेसिपी प्रतियोगिता, 19 मार्च को वीरांगना दल व अन्य युवा समूहों की बैठक, 20 मार्च को अन्नप्राशन दिवस का आयोजन होगा। 21 मार्च को पोषण रैली और 22 मार्च को ग्राम पंचायत एवं मातृ समिति की बैठक का आयोजन किया जाएगा।

No comments