शिक्षिका ने छात्रों को बुरी तरह पीटा, एक का सिर फटा
आजमगढ़ : अजमतगढ़ ब्लाक में स्थित पूर्व माध्यमिक विद्यालय के बच्चे शनिवार को विद्यालय बंद होने पर घर पहुंचे, तो अभिभावक देख कर अवाक रह गए। किसी का सिर फटा था, तो चोट लगने से किसी के पीठ पर तो किसी के बाहं में सूजन थी। बच्चों ने आरोप लगाया कि अध्यापिका ने कमरा बंद कर सभी को डंडे से बुरी तरह से मारा-पीटा।
कल्यानपुर (छिड़ी जमीन छिड़ी) गांव स्थित पूर्व माध्यमिक विद्यालय के हेडमास्टर पंकज कुमार सिंह शनिवार को प्रशिक्षण में भाग लेने गए थे। विद्यालय पर मात्र एक सहायक अध्यापिका ही रह गई थी। छात्रों ने बताया कि दोपहर में बच्चे स्कूल परिसर में खेल रहे थे। इस दौरान अध्यापिका डंडे लेकर पहुंचीं और सभी को बुला कर कमरे में बंद कर डंडे से बुरी तरह से मारा-पीटा। जिसमें आठवीं कक्षा के सौरभ का सिर फट गया, छठवीं कक्षा के छात्र सौरभ, अमर, दीपक,वशीतल सहित दर्जन भर से अधिक छात्रों के हाथ, पैर, पीठ में सूजन आ गया। इस पर अभिभावक जब तक विद्यालय पर पहुंचते, तब तक विद्यालय बंद कर अध्यापिका घर चली गई थी। बाद में अभिभावकों ने बच्चों का प्राथमिक इलाज कराया।
खंड शिक्षा अधिकारी दीनानाथ साहनी ने बताया कि अभिभावकों ने बच्चों की बुरी तरह से पिटाई करने की सूचना दी थी। मामले की जांच कर दोषी अध्यापिका के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। हलांकि छात्रों के परिजनों ने अभी तक थाने में तहरीर नहीं दी है।

No comments