डीपीआरओ ने ग्राम पंचायतों का किया निरीक्षण, नशे में धूत सफाईकर्मी को किया निलंबित
आजमगढ़ : मंगलवार को हरैया ब्लाक में कई ग्राम पंचायतों में शौचालय निर्माण और साफ-सफाई का निरीक्षण जिला पंचायत राज अधिकारी ने किया। इस दौरान स्कूल का शौचालय गंदा पाया गया। वहीं एक सफाई कर्मचारी शराब पीकर ड्यूटी करते पाया गया इस पर उन्होंने दोनों सफाई कर्मचारियों को निलंबित कर दिया।
जिला पंचायत राज अधिकारी आनंद प्रकाश श्रीवास्तव ने बताया कि ग्राम पंचायत परसिया में तैनात सफाई कर्मचारी अनिरुद्ध ग्राम पंचायत में साफ-सफाई का कार्य नहीं करता है और मौके पर शराब पीकर अपशब्दों का प्रयोग करते पाया गया। साफ-सफाई का कार्य न करने व शराब पीकर अपशब्दों का प्रयोग करने के प्रति सफाईकर्मी को दोषी पाया गया। इस पर सफाईकर्मी अनिरूद्ध को निलंबित कर दिया गया है। उन्होंने बताया कि परसिया ग्राम पंचायत में स्थित प्राथमिक विद्यालय के शौचालय में अधिक गंदगी पाई गई। गांव में भी साफ-सफाई का कार्य नहीं पाया गया। इस पर गांव में तैनात सफाई कर्मचारी मीरा देवी को भी निलंबित कर दिया गया है। निलंबन अवधि में दोनों कर्मचारियों को हरैया ब्लाक मुख्यालय से संबद्ध कर दिया गया है। दोनों मामले की पूर्ण जांच के लिए बिलरियागंज ब्लाक के सहायक विकास अधिकारी पंचायत को जांच अधिकारी नामित किया गया है। आरोप पत्र गठित कर तीन सप्ताह के अंदर आख्या मांगी गई है।

No comments