Breaking Reports

झोलाछाप डाक्टरों के खिलाफ होगी कार्रवाई



आजमगढ़ : सगड़ी तहसील क्षेत्र में कई दर्जन अवैध पैथालाजी और झोलाछाप चिकित्सक गलत रिपोर्ट और गलत दवा चलाकर लोगों की सेहत के साथ खिलवाड़ कर रहे है। क्षेत्रीय चिकित्सा प्रभारियों ने इनकी रिपोर्ट तैयार कर सीएमओ को भेजा।
     जिले के अजमतगढ़ और हरैया ब्लॉक के सर्वाधिक बाजारों और गांव के चट्टी चौराहों पर अवैध रूप से चल रही पैथालॉजी व झोलाछाप चिकित्सक गलत रिपोर्ट और दवा देकर कईयों की जान ले चुके हैं। ऐसी स्थिति में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अजमतगढ़ के चिकित्सा प्रभारी डा. शौकत अली ने कहा कि अजमतगढ़ ब्लॉक में कई दर्जन ऐसे पैथोलॉजी हैं जो मानक के विपरीत और अवैध है। इनके यहां ट्रेंड लोग नहीं हैं। कुछ झोलाछाप डॉक्टर हैं जो गरीब जनता का शोषण कर रहे हैं। इसकी जानकारी हम सीएमओ को लिखित रूप से दे रहे हैं। जिनकी जांच कर कार्रवाई की जाएगी। जीयनपुर, लाटघाट, सतना, सुरैना, कांखभार, महुला आदि ऐसे जगह हैं जहां पुड़िया वाले चिकित्सक हैं। इन लोगों द्वारा गलत दवा देकर किडनी, हार्ट, ब्लड प्रेशर आदि रोगों के मरीज बनाया जा रहा है। वहीं हरैया ब्लॉक के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र प्रभारी देवानंद यादव ने बताया चांदपट्टी, भीमबर, रौनापार, बेलकुंडा, हाजीपुर, हैदराबाद आदि जगहों पर इस तरह की शिकायतें हैं। जिनके बारे में इसके पहले भी लिखा जा चुका है और आगे भी इनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। पैथालॉजी खोलकर यह लोग गरीब जनता का शोषण कर रहे हैं।

No comments