Breaking Reports

पटाखा विस्फोट मामले में कोतवाल सहित तीन निलंबित



आजमगढ़ : शहर के मुकेरीगंज मोहल्ला में पटाखे की दुकान में हुए विस्फोट की घटना के बाद पुलिस प्रशासन ने कार्रवाई करते हुए शहर कोतवाल के साथ ही पहाड़पुर चौकी प्रभारी व बीट आरक्षी को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया। इसके अलावा 2017 में तत्कालीन शहर कोतवाल व मुख्य अग्निशमन अधिकारी के खिलाफ भी कार्रवाई की संस्तुति की गई है। जिलाधिकारी शिवाकांत द्विवेदी ने बताया कि पुलिस के माध्यम से संबंधित के तैनाती के जिलों के अधिकारियों को पत्र प्रेषित कर दिया गया है। बगैर निरीक्षण कैसे एनओसी जारी कर रिपोर्ट लगा दी गई थी।
  मुकेरीगंज मोहल्ला में रविवार की शाम को वेल्डिग की चिगारी से पटाखा की दुकान व गोदाम में भीषण आग लग गई थी। इस आग में झुलसकर अब तक आठ लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि दर्जन भर लोग अस्पताल में अब भी जिदगी व मौत से संघर्ष कर रहे हैं। इस घटना को गंभीरता से लेते हुए डीएम ने जांच के आदेश दिए। जांच में प्रथमदृष्टया दोषी पाए गए शहर कोतवाल विनय कुमार मिश्र व पहाड़पुर चौकी प्रभारी अनिल कुमार के साथ ही इसी चौकी के बीट सिपाही सुनील प्रजापति को पुलिस अधीक्षक प्रो. त्रिवेणी सिंह ने मंगलवार की सुबह तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया।


No comments