शराब की दुकान हटवाने के लिए महिलाओं ने चक्का जाम कर किया प्रदर्शन
आजमगढ़ : मुबारकपुर थाना क्षेत्र में देशी शराब की दुकान हटवाने के लिए गुरुवार को आक्रोशित महिलाओं ने मुबारकपुर-इब्राहिमपुर संपर्क मार्ग पर चक्का जाम किया। जाम की सूचना मिलने पर मुबारकपुर पुलिस मौके पर पहुंची और किसी तरह से महिलाओं को समझा-बुझाकर जाम समाप्त कराया।
मुबारकपुर नगरपालिका क्षेत्र के पाही मोड़ पर देशी शराब की दुकान हटवाने के लिए महिलाएं काफी दिनों से शिकायत कर रही थी। जबकि उनकी बातों को नहीं सुना जा रहा है। गुरुवार को साढ़े ग्यारह बजे महिलाएं लामबंद हो गयीं और मुबारकपुर-इब्राहिमपुर संपर्क मार्ग पर स्थित पाही मोड़ पर चक्का जामकर नारेबाजी करने लगीं। महिलाओं ने आरोप लगाया कि पाही मोड़ पर स्थित देशी शराब की दुकान है। जिस पर हमेशा शराबी शराब पीकर हंगामा करते रहते हैं। आये दिन महिलाओं व लड़कियों पर छींटाकसी करते हैं। इसके लिए कई बार शिकायत की गयी लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। यहां से शराब की दुकान को तत्काल हटवाया जाय।
चक्का जाम की सूचना मिलने पर मुबारकपुर थाने के नायब दरोगा नागेश चौधरी दल-बल के साथ पहुंचे और महिलाओं को समझा-बुझाकर किसी तरह आधे घंटे बाद चक्का जाम समाप्त कराये। प्रदर्शन करने वालों में सुमंता देवी, रमावती देवी, मीरा देवी, पुष्पा देवी, चंद्रवती, कुसुम देवी, मुराती देवी, संगीता देवी, शारदा देवी, लालती आदि शामिल रहीं।

No comments