कार्यकर्ताओं ने थानाध्यक्ष को हटाने की मांग की, पार्टी से इस्तीफा देने की दी धमकी
आजमगढ़ : माहुल मंडल के भाजपा पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं की एक बैठक सम्पन्न हुई। यह बैठक मंडल महामंत्री सूरज अग्रहरी की अध्यक्षता मे गुरूवार को माहुल स्थित काली चौरा मंदिर पर हुई। जिसमे यह निर्णय लिया गया कि 24 घंटे के अंदर यदि अहरौला थानाध्यक्ष अयोध्या तिवारी को नहीं हटाया गया तो हम सामूहिक रूप से त्यागपत्र दे देंगे। आक्रोशित कार्यकर्ताओं ने अपने हस्ताक्षर के साथ एक पत्र जिलाध्यक्ष जयनाथ सिंह को प्रेषित किया, जिसमें पदाधिकारियों ने उनसे त्यागपत्र की अनुमति माँगी।
माहुल मंडल के भाजपा कार्यकर्ता विगत तीन दिनों से अहरौला थानाध्यक्ष अयोध्या तिवारी पर कार्यकर्ताओं के ऊपर फर्जी ढंग से मुकदमा दर्ज कर उत्पीड़न व धनउगाही करने का कथित आरोप लगाते हुये काफी आक्रोशित हैं।
इस सम्बन्ध मे माहुल मंडल के महामंत्री सूरज अग्रहरी के नेतृत्व में मुख्यमंत्री, उपमुख्यमंत्री व प्रदेश अध्यक्ष को पत्र प्रेषित कर थानाध्यक्ष को अन्यत्र हटाने व कार्यवाही की माँग की है। गुरुवार को हुई इस बैठक में पदाधिकारी व कार्यकर्ता समेत कुल 33 लोगों ने हस्ताक्षर कर के भाजपा जिलाध्यक्ष को एक पत्र प्रेषित किया है। जिसमे इन्होंने कहा की अहरौला थानाध्यक्ष अयोध्या तिवारी 8 माह से शासन की मंशा के अनुरूप कार्य नहीँ कर रहे हैं और निजामपुर में विशेष वर्ग द्वारा छेड़खानी व माहुल मे अम्बेडकर प्रतिमा तोड़े जाने के बाद भाजपा कार्यकर्ताओं पर फर्जी मुकदमा दर्ज कर के उत्पीड़न तथा उनसे धन की माँग कर रहे हैं। आरोप लगाया की कार्यकर्ताओं ने इसको सांसद नीलम सोनकर और बड़े पदाधिकारियों से अवगत भी कराया परंतु थानाध्यक्ष के खिलाफ कोई कार्यवाही नही हुई। पत्र मे कार्यकर्ताओं ने यह भी कहा की बड़े नेताओ द्वारा 6 माह से सिर्फ कार्यवाही का कोरा आश्वासन ही दिया जा रहा है। जिससे हम कार्यकर्ता और पदाधिकारी बहुत ही आहत और दुखी है। कार्यकर्ताओं ने यह भी कहा की यदि 24 घंटे के अंदर अहरौला थानाध्यक्ष स्थानांतरित नहीं हुये तो हम सामूहिक रूप से त्यागपत्र देकर भूख हड़ताल पर बैठेंगे।
बैठक में प्रमुख रूप से पिछड़ा वर्ग के जिला उपाध्यक्ष सुजीत जायसवाल, सेक्टर प्रभारी वसंत लाल, विमलेश पाण्डेय, सेक्टर संयोजक मनोज अग्रहरी, रजनीश पाण्डेय, सैफ अब्बास रिजवी, दिलशाद कुरेशी, राजकुमार पाण्डेय आदि सैकड़ों लोग उपस्थित रहे।

No comments