Breaking Reports

चेयरमैन ने चीफ इंजीनियर को दी कड़ी चेतावनी, गांवों में भरपूर मिले बिजली




आजमगढ़ : सोमवार को पूर्वाचल विद्युत वितरण निगम, एमडी कार्यालय में समीक्षा बैठक सम्पन्न हुई। इस दौरान उत्तर प्रदेश पावर कारपोरेशन लिमिटेड के चेयरमैन आलोक कुमार ने आजमगढ़ में बिजली व्यवस्था एवं राजस्व वसूली को लेकर चेयरमैन नाखुश दिखे। चेयरमैन ने आजमगढ़ के चीफ इंजीनियर को कड़ी चेतावनी भी दी। चेयरमैन ने निर्देश दिया कि आने वाली गर्मी के लिए सभी अभी से कमर कस लें। गर्मी में भी हर गांव में भरपूर बिजली मिलनी चाहिए। इसके लिए जरूरत पड़े तो खराब ट्रांसफार्मर बदल दिए जाएं और ओवरलोड वाले एरिया को चिह्नित किया जाएं। साथ ही राजस्व वसूली भी निरंतर चलते रहे।
   चेयरमैन ने बताया कि पूर्वाचल में लगभग सभी जिलों ने बेहतर कार्य किया है। आजमगढ़ में कुछ लापरवाही पाई गई है। इसको लेकर वहां के अधिकारियों को सुधार लाने का निर्देश दिया गया है। चेयरमैन आलोक कुमार ने बताया कि गर्मी में भी अच्छी सप्लाई होती रहे इसके लिए वितरण एवं पारेषण दोनों के ही अधिकारियों को निर्देश दिया गया है।
    चेयरमैन ने बताया कि समाधान योजना का लाभ पाने के लिए प्रदेश में 12 लाख उपभोक्ताओं ने रजिस्ट्रेशन कराया है। इस योजना के तहत 31 मार्च तक बकाया जमा करने पर उपभोक्ताओं का पूरा सरचार्ज माफ किया जाएगा। इसके लिए सभी अभियंताओं को निर्देशित किया गया है। यह भी कहा गया है कि उपभोक्ताओं को फोन कर अनुरोध किया जाए। इसके बाद भी जब कोई बकाया जमा नहीं करेगा तो अगले माह से कार्रवाई की जाएगी।
     चेयरमैन ने कहा कि बिल में गड़बड़ी की शिकायतें आ रही हैं। ऐसे में संबंधित अधिकारियों को एवं एजेंसी को चेतावनी दी गई है कि बिलिंग व्यवस्था हर हाल में सुधारी जाए। निगम के प्रबंध निदेशक गोविंद राजू एनएस ने कहा कि सभी अधिकारियों को गर्मी में भी बेहतर बिजली सप्लाई के लिए मार्च में ही सारी तैयारी करने का निर्देश दिया गया है। साथ ही ओवरलोडिंग एरिया को भी चिन्हित कर कार्रवाई के निर्देश दिए गए। इस मौके पर पूर्वाचल के विभिन्न जिलों के मुख्य अभियंता, अधीक्षण अभियंता एवं अन्य अधिकारी मौजूद थे।


No comments