दर्दनाक सड़क हादसे में गर्भवती सहित दो की मौत, एक घायल
आजमगढ़ : रौनापार थाना क्षेत्र में मंगलवार दोपहर एक दर्दनाक हादसे में दो महिलाओं की मौत हो गई। जिससे आक्रोशित ग्रामीणों ने शवों को रख कर सड़क पर जाम लगा दिया। मौके पर पहुंची पुलिस लोगों को समझाने बुझाने का प्रयास कर रही है।
मिली जानकारी के मुताबिक रौनापार थाना क्षेत्र के भैंसाड़ी गांव निवासी 24 वर्षीय सीमा देवी पत्नी धर्मेंद्र कुमार का मायका जीयनपुर कोतवाली क्षेत्र के बागपुर भुवना खुर्द गांव में था। वह करीब एक माह पूर्व अपने मायके आई हुई थी। सीमा गर्भवती थी। मंगलवार को सीमा अपनी 18 वर्षीय छोटी बहन रीमा पुत्री रामरुप और पड़ोसी महिला 40 वर्षीय धर्मावती देवी पत्नी रामजनम के साथ मऊ जिले के रामनगर मोड़ के पास स्थित प्राइवेट अस्पताल के डॉक्टर से दवा लेने जा रही थी। तीनों सड़क के किनारे खड़े होकर गाड़ी का इंतजार कर रही थी। तभी उसके गांव का रहने वाला रामभजन यादव अपने ट्रैक्टर ट्राली से मिट्टी लेने जा रहा था। ट्रैक्टर की गति तेज थी। रामभजन ट्रैक्टर मोड़ रहा था तभी ट्रैक्टर पेड़ से टकराकर तीनों को कुचल दिया।
घटना के बाद ट्रैक्टर लेकर रामभजन फरार हो गया। जब तक लोग घायलों को अस्पताल ले जाते तब तक सीमा और धर्मावती की मौत हो गई। जबकि घायल रीमा का क्षेत्र के निजी अस्पताल में इलाज चल रहा।
घटना से आक्रोशित ग्रामीणों ने आरोपी की गिरफ्तारी और मुआवजे की मांग करते हुए जीयनपुर-मोहम्मदाबाद मार्ग पर जाम लगा दिया। जाम की सूचना मिलते ही सीओ सगड़ी शीतला प्रसाद पांडेय कई थानों की फोर्स के साथ मौके पर पहुंच गए।

No comments