छात्रों को बुरी तरह से पीटने वाली शिक्षिका निलंबित
आजमगढ़ : अजमतगढ़ शिक्षा क्षेत्र के पूर्व माध्यमिक विद्यालय में शनिवार को बंद कमरे में बच्चों की बेरहमी के साथ पिटाई करने पर सोमवार को खंड शिक्षा अधिकारी दीनानाथ साहनी विद्यालय पर पहुंचे। जांच में सहायक अध्यापिका को दोषी पाए जाने पर बीएसए ने निलंबित किया।
अजमतगढ़ शिक्षा क्षेत्र के पूर्व माध्यमिक विद्यालय छिड़ी जमीन छिड़ी कल्याणपुर के विद्यालय परिसर में शनिवार को बच्चे क्रिकेट खेल रहे थे। इस दौरान बाल लगने से सहायक अध्यापिका ने बच्चों को बुला कर कमरे में बंद कर डंडे से बेरहमी के साथ पिटाई कर दी थी। छात्र सौरभ पुत्र झारखंडी यादव का सिर फूट गया था। दर्जनों छात्रों को गम्भीर चोटे आयी थीं। अभिभावकों की शिकायत पर सोमवार को खंड शिक्षा अधिकारी दीनानाथ साहनी मामले की जांच करने के लिए विद्यालय पर पहुंचे। इस दौरान गांव के दर्जनों अभिभावक इकट्ठा गए और शिक्षिका पर द्वेष की भावना से मारने पीटने का आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग करने लगे। खंड शिक्षाधिकारी ने पूरे मामले की जांच पड़ताल कर तत्काल बीएसए को रिपोर्ट भेज दी।
बीएसए देवेंद्र कुमार पांडेय ने बताया कि बच्चों को डंडे से बुरी तरह से पीटने पर एक बच्चे को गंभीर चोट और अन्य कई बच्चों के चोटिल होने पर विद्यालय की सहायक अध्यापिका सरिता यादव को निलंबित कर दिया गया है। निलंबन की अवधि में खंड शिक्षा अधिकारी अजमतगढ़ कार्यालय से संबद्ध रहने का निर्देश दिया गया है। साथ ही प्रकरण में बिलरियागंज खंड शिक्षा अधिकारी को जांच अधिकारी नामित किया गया है।

No comments