चुनाव में तैनात टीमों की गाड़ियों में लगेगा जीपीएस सिस्टम
आजमगढ़ : निर्वाचन आयोग के निर्देश पर लोकसभा चुनाव के दौरान तैनात की गई टीमों की निगरानी के लिए दी जाने वाली गाड़ियों में जीपीएस सिस्टम लगाया जायेगा। बुधवार से गाड़ियों में जीपीएस सिस्टम लगना शुरू हो जाएगा।
जनपद की दोनों लोकसभा सीटों पर चुनाव को सकुशल संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन की ओर से फ्लाइंग स्क्वायड, स्टैटिक सर्विलांस टीम, वीडियो सर्विलांस टीम, वीडियो अवलोकन टीम, सहायक व्यय प्रेक्षक, एमसीएमसी टीम और आदर्श आचार संहिता के अनुपालन के लिए टीम का गठन किया गया है। इन टीमों को जो वाहन उपलब्ध कराए जाएंगे उन पर निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार जीपीएस लगना है। ताकि टीमें अपने क्षेत्र में हैं या नही, इसकी मानीटरिंग की जा सके। जीपीएस के साथ ही इन गाड़ियों में एक-एक वीडियोग्राफर भी रहेगा। कुल 80 गाड़ियों में जीपीएस लगाया जाना है। सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी बृजेश चंद श्रीवास्तव ने बताया कि अभी जो निगरानी टीमें चल रही हैं उनकी गाड़ियों में वीडियो टीम रहेगी। बाद में जैसे-जैसे अधिकारी बढ़ेंगे इनकी संख्या में बढ़ोत्तरी होगी।

No comments