महिला की धारदार हथियार से हत्या, भाई ने जेठानी के परिवार के खिलाफ दर्ज कराया मुकदमा
आजमगढ़ : कंधरापुर थाना क्षेत्र में मंगलवार की भोर में शौच के लिए खेत गई 25 वर्षीया युवती की धारदार हाथियार से वार कर हत्या कर दी गई। युवती मरणासन्न स्थिति में अरहर के खेत में पड़ी रही। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने परिजनों से पूछताछ कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
कंधरापुर थाना क्षेत्र के जोलहापुर (बरईपुर) निवासी 25 वर्षीया शांति यादव पत्नी श्रीप्रकाश यादव मंगलवार की सुबह लगभग पांच बजे शौच के लिए खेत में गई थी। काफी देर बाद न लौटने पर परिजनों ने खोजबीन शुरू की। खोजबीन करते हुए परिजन जब अरहर के खेत पहुंचे तो देखकर सन्न रह गए। महिला मरणासन्न स्थिति में मिली। सिर पर धारदार हथियार से हमला करने से काफी खून बह रहा था। परिजन उसे उठा कर घर लाए। जब तक अस्पताल ले जाते तब तक महिला की मृत्यु हो गई। सूचना मिलने पर मायके से मृत महिला का भाई मौके पर पहुंच गया।
परिजनों की सूचना पर कंधरापुर थाने की पुलिस के भी पहुंच गयी। इस दौरान पुलिस ने डाग स्कावयड टीम बुलाई। मौके पहुंची खोजी कुतिया घटनास्थल से मृत युवती के घर तक पहुंच कर रूक गई। इस पर पुलिस ने परिजनों से पूछताछ के बाद शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
मृतका के भाई संतोष की तहरीर पर पुलिस ने जेठानी अनीता पत्नी रामासरे, अनीता के पुत्र आशीष और गांव के ही लालबहादुर पुत्र दयाराम के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर रही है।




No comments