Breaking Reports

घर में भूत भेजा था, इसलिए चाकू से किया हमला



आजमगढ़ : जहानागंज थाना क्षेत्र के शकुराबाद गांव में शनिवार की सुबह घर में घुसकर झाड़-फूंक करने वाले पर चाकू से हमला कर उसे घायल कर दिया गया। घटना के बाद फरार हुए हमलावर को पुलिस ने गिरफ्तार कर उसके पास से चाकू बरामद कर लिया है।

      जहानागंज थाना क्षेत्र के शकूराबाद निवासी 50 वर्षीय तुफैल पुत्र हाफिज अब्दुल रशीद कस्बे में बतौर हाफिज रहता है। ताबीज बनाना और नजर उतारना तुफैल का पेशा है। जानकारी के मुताबिक कस्बे के ही इमामबाड़ा चौक निवासी 40 वर्षीय मरगूब असलम पुत्र मोहम्मद सलीम शनिवार सुबह साढ़े 7 बजे तुफैल के घर पर गया। मरगूब ने तुफैल के घर का दरवाजा खटखटाया। तुफैल ने जब दरवाजा खोला तो मरगूब ने कहा कि उसे ताबीज बनवानी है। इसके बाद तुफैल अपने कमरे में ताबीज लेने चला गया। इसी दौरान मरगूब भी उसके पीछे-पीछे कमरे में गया और एक के बाद एक चाकू से तुफैल पर कई वार कर दिया। तुफैल की चीख सुनकर परिजन कमरे में आए तो आरोपी मौके से भाग निकला।
परिजनों ने मामले की जानकारी पुलिस को दी। पुलिस ने भाग रहे आरोपी को हिरासत में ले लिया। घायल को सीएचसी जहानागंज में भर्ती कराया गया। जहां उसकी हालत देख कर डॉक्टरों ने उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
 पूछताछ में मरगूब ने पुलिस को बताया कि हाफिज तुफैल ने उसके घर में भूत भेज दिया था। जिससे उसके घर में परेशानी रहती थी। इसीलिए उसने तुफैल पर हमला किया।

No comments