Breaking Reports

सिलेंडर न मिलने पर उपभोक्ताओं ने जाम लगाकर किया हंगामा



आजमगढ़ : रसोई गैस न मिलने से नाराज उपभोक्ताओं ने रविवार को एजेंसी पर हंगामा करते हुए मुबारकपुर-सठियांव मार्ग को जाम कर दिया। जाम की सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने उपभोक्ताओं को समझा-बुझाकर किसी तरह शांत कराया। 
   मुबारकपुर इंडेन गैस एजेंसी का गैस गोदाम मिल्लत नगर में स्थित है। कई सप्ताह से क्षेत्र में गैस की किल्लत चल रही है। रविवार को सुबह से ही लाइन लगाकर उपभोक्ता खड़े थे। गैस की गाड़ी विलंब से पहुंचने व गैस न बंटने से उपभोक्ता आक्रोशित हो गए और मुबारकपुर-सठियांव मार्ग जाम कर दिया। उपभोक्ताओं का कहना था कि एक सप्ताह से सुबह आकर लाइन लगाकर खड़े रहने के बावजूद नंबर आते-आते गैस खत्म हो जाती है और बिना गैस सिलेंडर लिए घर जाना पड़ता है। 
जाम की सूचना मिलते ही मौके पर चौकी प्रभारी कौशल पाठक अपने हमराहियों के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने आक्रोशित गैस उपभोक्ताओं को समझा-बुझाकर जाम को समाप्त कराया। चौकी प्रभारी ने स्वयं उपभोक्ताओं में गैस का वितरण कराया।
गैस एजेंसी इंचार्ज देवेन्द्र कुमार ने बताया कि कुंभ मेले की वजह से गैस की आपूर्ति कम मिल रही थी। अब समस्या धीरे-धीरे खत्म हो रही है। एक दो दिन मे गैस पर्याप्त मिलने लगेगी।

No comments