बोलेरो व बाइक की आमने-सामने टक्कर में युवक की मौत
आजमगढ़ : फूलपुर कोतवाली क्षेत्र में शुक्रवार की दोपहर को बोलेरो व बाइक की आमने-सामने टक्कर में बाइक सवार युवक की मौत हो गई।
मिली जानकारी के मुताबिक अंबेडकरनगर जिले के जैतपुर थाना क्षेत्र के मछई गांव निवासी 26 वर्षीय संदीप यादव पुत्र शिवपूजन यादव शुक्रवार की दोपहर को लगभग एक बजे घर से बाइक पर सवार होकर अपने रिश्तेदार के घर जा रहा था। वह फूलपुर-माहुल मुख्य मार्ग पर स्थित केवलगढ़ पुल के समीप पहुंचा ही था कि सामने से आ रही बोलेरो में टक्कर हो गई। इस टक्कर में बाइक सवार युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे में दोनों वाहन क्षतिग्रस्त हो गए। दुर्घटना के बाद बोलेरो चालक गाड़ी छोड़कर फरार हो गया। आस-पास के लोग घायल युवक को अस्पताल ले जाने की लोग तैयारी कर रहे थे कि उसकी मौत हो गई। सूचना मिलने पर माहुल चौकी प्रभारी सभाजीत सिंह व फूलपुर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंच गई। शव को पुलिस ने पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने दुर्घटना की खबर मृत युवक के परिजनों को दिया।

No comments