उन्नाव में पकड़ा गया आजमगढ़ का हिस्ट्रीशीटर, खुफिया एजेंसियां रिकार्ड खंगालने में जुटीं
आजमगढ़ : एक बार फिर जिले का सरायमीर सुर्खियों में है। प्रदेश के उन्नाव जिले के बांगरमऊ के रघुरामपुर के पास से बुधवार को संदिग्ध जावेद की गिरफ्तारी हुई है। उन्नाव एसपी की सूचना पर जनपद की पुलिस के साथ-साथ खुफिया एजेंसियां भी सक्रिय हो गईं हैं। सभी जावेद का रिकार्ड खंगालने में जुट गई हैं।
सरायमीर थाना क्षेत्र के रौजा गांव निवासी जावेद अहमद उर्फ गुड्डू पुत्र मंजूर पांच भाई और चार बहनों में बड़ा है। जावेद की मां ने बताया कि नवंबर में वो बुलंदशहर में इज्तेमा में शामिल होने के लिए घर से निकला था। वहीं से वह चार महीने की जमात पर गया हुआ था।
पुलिस ने जानकारी दी कि जावेद अहमद सरायमीर थाने का हिस्ट्रीशीटर है।वह काफी दिनों से घर से बाहर रह रहा था। 2006 में उसकी हिस्ट्रीशीट खोली गई थी।
उसके खिलाफ सरायमीर थाने में तीन, निजामाबाद थाने में एक और वाराणसी कैंट थाने में एक आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। उसकी हिस्ट्रीशीट नंबर 138 (एक) है। पुलिस के मुताबिक जावेद शातिर किस्म का अपराधी है।
हालांकि गुरुवार की देर शाम तक पुलिस को कोई ठोस जानकारी नहीं मिल सकी थी। पुलिस छानबीन में जुटी है।

No comments