चलती बाइक से गिरी महिला की मौत
आजमगढ़ : जीयनपुर कोतवाली क्षेत्र में समीप सोमवार की दोपहर को चलती बाइक से गिर जाने से एक अधेड़ महिला घायल हो गई। घायलावस्था में उसे जिला अस्पताल भर्ती कराया गया, जहां उपचार के कुछ देर बाद उसकी मौत हो गई।
जीयनपुर कोतवाली क्षेत्र के नदवा सराय गांव निवासी 54 वर्षीय लक्ष्मी देवी पत्नी खरभान मुबारकपुर थाना क्षेत्र के भटौरा गांव में स्थित अपनी बहन के ससुराल आई हुई थी। सोमवार की सुबह बहन के पुत्र के साथ बाइक पर सवार होकर अपने घर लौट रही थी। रास्ते में वह चालीसवां गांव के समीप पहुंची थी। बाइक के पीछे बैठी महिला को नींद आ गई, जिससे वह सोते समय चलती बाइक से अनियंत्रित होकर सड़क पर गिर पड़ी। गंभीर रूप से घायल महिला को परिजनों ने जिला अस्पताल में भर्ती कराया। इलाज के दौरान दोपहर को उसकी मौत हो गयी। शव को पुलिस ने पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मौत की खबर जब परिजनों को मिली तो परिवार में कोहराम मच गया। उसके एक पुत्र व दो पुत्रियां हैं। एक पुत्री की शादी इसी जून माह में तय थी। परिवार के लोग पुत्री की शादी के तैयारी में लगे हुए थे।


No comments