विवाहिता की संदिग्ध हालत में मौत, पति समेत चार हिरासत में
आजमगढ़ : गंभीरपुर थाना क्षेत्र में गुरुवार की रात को एक विवाहिता की संदिग्ध हालत में मौत हो गई। मायका पक्ष के लोगों ने दहेज हत्या का आरोप लगाया।
रानी की सराय थाना क्षेत्र के सेठवल गांव निवासी महेंद्र राम की पुत्री 25 वर्षीय अंजू देवी की शादी वर्ष 2015 में गंभीरपुर थाना क्षेत्र के अंबरपुर गांव निवासी जयचंद के साथ हुई थी। जयचंद वाहन मैकेनिक का काम करता है। परिजनों का कहना है कि उसने पारिवारिक कलह के चलते गुरुवार की देर शाम को फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। वहीं परिवार के कुछ सदस्यों ने सर्पदंश से मौत होने की बात बताई। मौत की खबर जब मायका पक्ष के लोगों को हुई तो वे भी मौके पर आ गए। मायका पक्ष की सूचना पर शुक्रवार की सुबह गंभीरपुर थाना पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। छानबीन के बाद पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया। वहीं मृत विवाहिता के ताऊ मुखराम ने ससुराल पक्ष पर दहेज के लिए विवाहिता की गला घोंटकर हत्या करने का आरोप लगाते हुए तहरीर दी। तहरीर के आधार पर पुलिस ने मृत विवाहिता के पति, सास, देवर व ननद के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उन्हें हिरासत में ले लिया है।
थाना के प्रभारी निरीक्षक अरविंद कुमार का कहना है कि परिजन के अलग-अलग बयान से मामला संदिग्ध प्रतीत हो रहा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत का कारण स्पष्ट हो सकेगा।


No comments