बदमाशों ने पेट्रोल पंप संचालक से रूपये छीनकर मारी गोली, हालत गंभीर
आजमगढ़ : दोहरीघाट बाजार में लूट की घटना के दौरान बदमाशों की गोली से घायल पेट्रोल पंप संचालक की हालत गंभीर बनी हुई है।
मऊ जिले के दोहरीघाट कस्बा में सोमवार की सुबह लगभग 10 बजे पेट्रोल पंप संचालक 41 वर्षीय उमेश चंद गुप्त पुत्र रामअवध गुप्त पंप से स्कूटी पर सवार होकर यूबीआइ की शाखा दोहरीघाट में रुपये जमा करने के लिए जा रहे थे। घायल पंप संचालक का कहना है कि वे पंप से लगभग सौ मीटर दूर पहुंचे थे। तभी बाइक सवार दो युवक आए और उनकी स्कूटी रोक कर मऊ जाने का रास्ता पूछने लगे। इस बीच एक युवक ने उनकी आंख में धूल फेंक दिया। वह अपनी आंख साफ करने लगे कि तभी दोनों बदमाश उनके पास बैग में रखे 18 लाख 90 हजार रुपये छीनकर पैदल भागने लगे। पीछा करने पर बदमाशों ने उन्हें गोली मार दी। जिससे वे घायल होकर गिर पड़े। तत्पश्चात कुछ दूर पर बाइक लेकर खड़ा एक अन्य बदमाश के साथ उक्त दोनों बदमाश भी बाइक पर सवार होकर भाग निकले। घायल पंप संचालक का आरोप है कि जहां घटना हुई वहीं पास में ही पुलिस चौकी व बगल में कुछ दूरी पर थाना भी है। पुलिस चौकी व थाने के पास पुलिस कर्मी खड़े थे और गोली मारकर भाग रहे बदमाशों को देखने के बाद भी उन्होंने कोई कार्रवाई नहीं की। गोली से घायल पंप संचालक को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। डाक्टरों ने आपरेशन कर गोली तो बाहर निकाल दिया पर उनकी हालत गंभीर बनी हुई है।
एसपी प्रो. त्रिवेणी सिंह संग पुलिस अधिकारियों ने जिला अस्पताल पहुंच कर घायल पंप संचालक से घटना के बारे में पूछताछ की। एसपी के निर्देश पर फरार लुटेरों की तलाश में जिले की भी पुलिस जुटी हुई है।


No comments