आजमगढ़ में सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने नए भवन व पार्टी कार्यालय का किया उद्घाटन, भाजपा सरकार पर तंज कसते हुए किये के ऐलान...
आजमगढ़ : समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने गुरुवार को जिले अनवरगंज में नए भवन व पार्टी कार्यालय का उद्घाटन किया और कार्यालय परिसर में सम्मेलन और बैठक हाल का शिलान्यास किया।
इस अवसर पर मौजूद जनसमुदाय को सम्बोधित करते हुए अखिलेश यादव ने कहा कि आजमगढ़ से पार्टी का भावनात्मक लगाव है। आजमगढ़ की जनता ने पार्टी के हर फैसले का सम्मान किया और साथ दिया। राजनीतिक परिस्थितियां कुछ भी रही हो आजमगढ़ ने हमेशा पार्टी को मजबूती दी। नेताजी को लोकसभा पहुंचाया, धर्मेन्द्र यादव जीते। आजमगढ़ से समाजवादियों का पुराना और गहरा रिश्ता है यह विचारधारा का सम्बंध है। यहां पास से जो एक्सप्रेस-वे जा रहा है। यह एक्सप्रेस-वे लखनऊ से एक तरफ आजमगढ़ तो दूसरी तरफ सैफई को जोड़ता है। पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे के किनारे अभी बहुत काम होना है। विकास होना है। आगरा-लखनऊ एक्सप्रेस-वे और पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे समाजवादी सरकार की देन है।
सपा प्रमुख ने कहा कि भाजपा सरकार में रिकार्ड भ्रष्टाचार हो रहा है। जल जीवन मिशन में टंकियां भाजपा के भ्रष्टाचार को सह नहीं पा रही है। हर महीने पानी की टंकियां फट रही है। इस सरकार ने गांव-गांव के रास्ते खोद दिए हैं लेकिन पानी कहीं नहीं पहुंच रहा है।
अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा संविधान, आरक्षण, सेकुलरिज्म और समाजवाद की विरोधी है। भाजपा वोट के डर से आरक्षण और संविधान के खिलाफ सीधे न बोलकर समाजवाद और सेकुलरिज्म के खिलाफ बोलती है। भाजपा अपने स्थापना काल का प्रस्ताव भूल गयी है। भाजपा में टकराव चल रहा है। इसीलिए वह अपना अध्यक्ष नहीं चुन पा रही है।
सपा प्रमुख ने कहा कि जातीय जनगणना को लेकर जनता जागरूक हो गयी है। जनता जानती है कि जातीय जनगणना होने से उसे हक और अधिकार मिलेगा। इसी से ध्यान भटकाने के लिए भाजपा और उसकी विचारधारा के लोग सेकुलरिज्म, समाजवाद और संविधान पर हमले कर रहे हैं। अखिलेश यादव ने कहा कि समाजवादी पार्टी ने संकल्प लिया है कि जो सपना बाबा साहब डॉ. भीमराव अम्बेडकर, डॉ. राममनोहर लोहिया, श्रद्धेय नेताजी ने देखा और जिस रास्ते पर चले, उस रास्ते पर चलकर हम लोग सामाजिक न्याय के राज की स्थापना करेंगे और अपने पीडीए परिवार के लोगों को हक और सम्मान दिलाएंगे।
लोकसभा चुनाव में पीडीए की ताकत से आजमगढ़ के आसपास की सभी सीटे समाजवादी पार्टी जीत गयी। उत्तर प्रदेश का इतिहास है जो लोकसभा चुनाव जीतता है वहीं विधानसभा चुनाव जीतता है। जो लोकसभा में रिकार्ड बनाता है वही विधानसभा में भी रिकार्ड बनाता है। जो टेक्नॉलोजी समझते है वे जानते है कि समाजवादी पार्टी अगर एक-एक विधानसभा क्षेत्र में दस-दस हजार वोट बढ़ा लेगी तो रिकार्ड तोड़ सीटे जीतेगी। सामाजिक न्याय की लड़ाई में उत्तर प्रदेश में समाजवादी पार्टी रिकार्ड बनाने जा रही है। भाजपा के सब इंजन टकरा रहे हैं। मुख्यमंत्री जी आउटगोइंग सीएम है। भाजपा के विधायक लड़ाई, झगड़े पर आ गये है। ये सीसीटीवी में पकड़े जा रहे है। चंडीगढ़ में वोटों की लूट करते पकड़े गये थे।
अखिलेश यादव ने कार्यकर्ताओं से कहा सब लोग वोटर लिस्ट ठीक कराइये। सावधान रहिए, भाजपा वोटर लिस्ट में बेईमानी करती है। बिहार में वोटर बढ़ाने और कटवाने के लिए इन लोगों ने एक लाख वालंटियर तैयार किये है। अब बिहार का चुनाव करीब आ गया है। चुनाव आयोग ने वोटरों के जन्म प्रमाण पत्र चेक करने का नियम बना दिया है। 25 दिन में आठ करोड़ लोगों का जन्म प्रमाण पत्र चेक कर नई वोटर लिस्ट बनाने की तैयारी कर रहे हैं। इसमें बेईमानी की तैयारी हो रही है लेकिन बिहार की जनता भाजपा को हटाने को तैयार हैै।
अखिलेश यादव ने कहा समाजवादी पार्टी ने सड़कें बनाकर विकास का रास्ता खोला, मेडिकल कॉलेज बनाया। स्वास्थ्य सुविधाएं दी। भाजपा ने सब बर्बाद कर दिया। भाजपा नौकरी और आरक्षण छीन रही हैै। समाजवादी सरकार बनते ही हम आउटसोर्स व्यवस्था की जगह पक्की नौकरी देंगे। समाजवादी पार्टी सेना में अग्निवीर योजना नहीं चाहती है। हम नौजवानों को सेना में पक्की नौकरी देना चाहते है। समाजवादी लोग अपनी सेना को तकनीक से लेकर हर क्षेत्र में मजबूत करेंगे।
सपा प्रमुख ने कहा कि समाजवादी सरकार की प्राथमिकता में किसान और नौजवान हमेशा से रहा है। भाजपा सरकार ने किसानों, नौजवानों को धोखा दिया है। खाद की बोरी में भी चोरी की। अब नकली खाद मिल रही है। भाजपा की गलत नीतियों के कारण किसान, नौजवान संकट में है। देश की अर्थव्यवस्था को बर्बाद कर दिया। बाजार चीन के सामान से भरे हैं। जो स्वदेशी की बात करते थे, उन्होंने देश का पूरा बाजार विदेशी सामानों से भर दिया हैं। किसानों की आय दोगुनी नहीं हुई लेकिन देश में प्रति व्यक्ति कर्ज दोगुना हो गया। भाजपा ने दस साल का समय बर्बाद किया है। प्रदेश को पीछे कर दिया। कानून व्यवस्था को खराब कर दिया। महिलाएं और बेटियां असुरक्षित है। हर दिन हत्याएं हो रही है। कोई सुरक्षित नहीं है। भाजपा झूठे आंकड़े देकर गुमराह करती है। प्रदेश में इतना भ्रष्टाचार कभी नहीं हुआ। जितना इस सरकार में हो रहा है। तहसील, थानों में भारी भ्रष्टाचार है। यह सरकार स्कूल बंद कर रही है, और शराब की दुकाने खोल रही है। स्कूल बंद कर गरीब बेटियों को शिक्षा से दूर कर रही है। गरीब परिवार के बच्चे कहा पढ़ने जाएंगे। भाजपा उन स्कूलों को बंद कर रही है जहां चुनाव के समय बूथों पर भाजपा हारी थी। यह भाजपा की साजिश है। उन्होंने कहा कि विधानसभा चुनाव में गाजियाबाद से गाजीपुर तक और सहारनपुर से सोनभद्र तक हर जगह पीडीए दिखाई देगा। 2027 के विधानसभा चुनाव में पीडीए नया रिकॉर्ड बनाएगा।
इस अवसर पर नेता विरोधी दल विधान सभा माता प्रसाद पाण्डेय, नेता विरोधी दल विधान परिषद लाल बिहारी यादव, पूर्व मंत्री बलराम यादव, सांसद धर्मेन्द्र यादव, सांसद लालजी वर्मा, सांसद राजीव राय, सांसद रामभुआल निषाद, सांसद दरोगा प्रसाद सरोज, पूर्व मंत्री एवं विधायक दुर्गा प्रसाद यादव, पूर्व मंत्री एवं विधायक राम अचल राजभर, विधायक आलमबदी, विधायक संग्राम यादव, एमएलसी शाह आलम उर्फ गुड्डू जमाली, जिलाध्यक्ष हवलदार ने कार्यक्रम को सम्बोधित किया और राष्ट्रीय अध्यक्ष का स्वागत किया। इस अवसर पर नसीम अहमद, कमलाकांत राजभर, एचएनएस पटेल, अखिलेश यादव, पूजा सरोज, बेचई सरोज सभी विधायकगण, पूर्व मंत्री अम्बिका चौधरी, पूर्व सांसद नंद किशोर यादव, पूर्व मंत्री विद्या चौधरी, पूर्व मंत्री शैलेन्द्र यादव ललई, जितेन्द्र यादव, करुणा कांत मौर्य, रामदुलार राजभर, विनीत राय समेत अन्य नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे। इस अवसर पर समाजसेवी श्री लल्लन चौहान इंजीनियर सुनील यादव ने श्री अखिलेश यादव के समक्ष समाजवादी पार्टी की सदस्यता ग्रहण की। कार्यक्रम का संचालन पूर्व मंत्री श्री रामआसरे विश्वकर्मा ने किया।
No comments