पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ में तीन बदमाश गिरफ्तार, चार फरार
आजमगढ़ : तहबरपुर थाना क्षेत्र के बनहरा पुल के समीप रविवार की रात को डकैती की योजना बना रहे तीन बदमाशों को पुलिस ने मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार कर लिया, जबकि चार अन्य बदमाश पुलिस को चकमा देकर फरार हो गए।
एसपी प्रो. त्रिवेणी सिंह ने पत्रकारों से वार्ता के दौरान बताया कि लोकसभा चुनाव के तहत अपराधियों के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है। उसी अभियान के तहत सूचना मिली कि कुछ बदमाश रविवार की रात को लगभग साढ़े बारह बजे तहबरपुर क्षेत्र के बनहरा पुल के पास डकैती की योजना बना रहे हैं। सूचना पर तहबरपुर थाना के प्रभारी निरीक्षक देवानंद पुलिस फोर्स के साथ बनहरा गांव पहुंचे। पुलिस को देख बदमाश फायर कर भागने लगे। पुलिस ने हल्की मुठभेड़ के दौरान तीन बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया, जबकि उनके चार साथी बदमाश पुलिस को चकमा देकर भाग गए। गिरफ्तार किए गए बदमाशों में प्रवीण कुमार पांडेय उर्फ मुन्नू पुत्र इंद्रजीत पांडेय ग्राम खलीफतपुर थाना कप्तानगंज, राहुल मिश्र पुत्र पन्नालाल ग्राम मजीदपट्टी, थाना कप्तानगंज, टिकल उर्फ विवेक यादव पुत्र जनार्दन यादव ग्राम इनारेपुर थाना तहबरपुर के निवासी हैं। गिरफ्तार बदमाशों के पास से लूट के 17 हजार रुपये, लूट की दो बाइक, तमंचा, चार कारतूस, एक खोखा, 12 शीशी देशी शराब आदि बरामद हुआ है।


No comments