Breaking Reports

सपा मुखिया की संपत्ति को लेकर बवाल



आजमगढ़ : जिले की सदर लोकसभा सीट से चुनाव लड़ रहे सपा मुखिया अखिलेश यादव की संपत्ति को लेकर बवाल मच गया है। भाजपा प्रत्याशी दिनेश लाल यादव 'निरहुआ' के प्रस्तावक श्रीकृष्ण पाल ने शपथ पत्र में दी गई संपत्ति की सूचना पर आपत्ति जताई है। श्रीकृष्ण पाल का आरोप है कि अखिलेश यादव ने अपनी पत्नी की संपत्ति को लेकर झूठ बोला है। श्रीकृष्ण पाल ने बताया कि अखिलेश यादव ने 2019 के लोकसभा चुनाव में दाखिल शपथ पत्र में साकिन मुचहरा सैफई इटावा में क्रय की गई भूमि रकबा 17.93 एकड़ का मूल्य 14.96 लाख बताया है। जबकि विधान परिषद चुनाव 2012 में अखिलेश यादव ने इसी भूमि का मूल्य 17.53 लाख दिखाया था। वर्ष 2014 के लोकसभा चुनाव में अखिलेश की पत्नी डिंपल यादव ने इस भूमि की कीमत 17.53 लाख ही दिखाई थी। श्रीकृष्ण पाल का कहना है कि यह जानबूझ कर की गई गलती है। जमीन की वैल्यू बढ़ती है, इसे घटा कर दिखाया गया है। फिलहाल स्वयं और पत्नी डिंपल की संपत्ति को लेकर अखिलेश फंस गए हैं। अब इस पर फैसला आरओ शिवाकांत द्विवेदी को लेना है। बता दें कि इटावा जनपद के सैफई गांव निवासी अखिलेश यादव की कुल आय वित्तीय वर्ष 2017-18 की आयकर विवरणिका के अनुसार 84 लाख 83 हजार 63 रुपये है। वहीं, अखिलेश की पत्नी डिंपल यादव की वित्तीय वर्ष 2017-18 की आयकर विवरणिका के मुताबिक डिंपल यादव की कुल आय 61 लाख 45 हजार 73 रुपये है। अचल संपत्ति की बात करें तो अखिलेश यादव के पास 16 करोड़ 90 लाख 21 हजार 941 रुपये कीमत की अचल संपत्ति है। उधर डिंपल यादव 9 करोड़ 30 लाख 20 हजार एक रुपये कीमत के अचल संपत्ति की मालकिन हैं।


No comments