आरएसएस ने वर्ष प्रतिपदा उत्सव का किया आयोजन
आजमगढ़ : राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ आर्यमगढ़ नगर द्वारा वर्ष प्रतिपदा उत्सव का आयोजन नगर स्थित वेस्ली इंटर कॉलेज के प्रांगण में किया गया। कार्यक्रम में सर्वप्रथम संघ संस्थापक डॉ केशव बलिराम हेडगेवार के चित्र पर पुष्पार्चन कर आद्य सरसंघचालक प्रणाम के साथ प्रारंभ हुआ। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि संघ के पूर्वी उत्तर प्रदेश के प्रचारक प्रमुख अशोक उपाध्याय ने संघ स्थापना पर प्रकाश डालते हुए कहा कि संघ के संस्थापक जन्मजात देशभक्त थे। बचपन से ही उनके अंदर देशभक्ति का प्रगाढ़ भाव था। आजादी के आंदोलन में शुरू से ही सक्रिय भूमिका निभाकर जंगल सत्याग्रह में जेल गए। चैत्र शुक्ल प्रतिपदा हमारे देश में परिवर्तन का संदेश लेकर आता है। इसी दिन भगवती की आराधना, भगवान राम का राज्याभिषेक, ब्रह्मा जी द्वारा सृष्टि की रचना तथा सम्राट विक्रमादित्य के नाम को अमर करने के लिए विक्रम संवत की स्थापना हुई और आज ही के दिन संघ के संस्थापक डॉ केशव राव बलिराम हेडगेवार का जन्म हुआ।
मुख्य अतिथि ने उपस्थित जनसमुदाय को राष्ट्र के प्रति प्रेरित करते हुए कहा कि हम सभी को हिंदू राष्ट्र के निर्माण में अपना सक्रिय योगदान करना है। जिससे हमारा देश समर्थ और शक्तिशाली बन सके। संघ विभिन्न कार्यक्रमों व कार्यों के माध्यम से हिंदू जागरण के कार्य में निरंतर लगा हुआ, लेकिन आज हम सबको यह संकल्प लेना चाहिए कि अपने इस देश को संगठित और समर्थवान बनायेंगे। कार्यक्रम में आर्यमगढ़ विभाग के सभी विभाग प्रचारक लालजी, जिला संचालक ओम प्रकाश, कामेश्वर, जिला कार्यवाह ओम प्रकाश, नगर संघचालक रामबदन, नगर कार्यवाह डा० परिजात, अभय दत्त, प्रवीण, कमलेश, गिरीश, सत्यविजय, धनंजय, विजय, मनोज, आलोक, शंकर, रामप्रताप आदि स्वयंसेवक उपस्थित रहे।



No comments