Breaking Reports

मुख्यमंत्री हमेशा आजमगढ़ के साथ खड़े रहते हैं




आजमगढ़ : गुरुवार को लालगंज लोकसभा क्षेत्र के जनता इंटर कालेज अंबारी में विजय संकल्प युवा सम्मेलन का शुभारंभ करते हुए भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. महेंद्रनाथ पांडेय ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी हमेशा आजमगढ़ के साथ खड़े रहते हैं। उन्होंने सपा-बसपा गठबंधन को अवसरवादी बताया।


भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. महेंद्र नाथ पांडेय ने कार्यक्रम की शुरुआत पं. दीनदयाल उपाध्याय और श्यामा प्रसाद मुखर्जी के चित्र पर माल्यार्पण कर किया। उन्होंने कहा कि आजमगढ़ सबसे बड़ा जिला है और ये इतिहास रचना जानता है। कहा कि आजमगढ़ का वैसे ही विकास होगा जैसे वाराणसी और गोरखपुर का हो रहा है। गेस्ट हाउस कांड का जिक्र करते हुए उन्होंने सपा और बसपा गठबंधन को अवसरवादी करार दिया। कहा दोनों परिवारवादी और जातिवादी पार्टी है। बसपा प्रमुख मायावती के पास कोई कंपनी नहीं है। इसके बाद भी वो 46 करोड़ इनकम टैक्स देती हैं। अखिलेश यादव 300 कमरों का होटल बना रहे हैं। उन्होंने युवा मोर्चा के कार्यकर्ताओं को गांव-गांव जाकर बूथों से जीत हासिल करने का संकल्प दिलाया।

 कैबिनेट मंत्री दारा सिंह चौहान ने कहा कि गठबंधन से भाजपा का कोई नुकसान नहीं होने वाला। सांसद नीलम सोनकर ने वाराणसी-लालगंज-गोरखपुर रेल मार्ग, कैफियात के ठहराव का जिक्र कर मतदाताओं को रिझाया। विधायक अरूणकांत यादव ने भी सम्मेलन को संबोधित किया। अध्यक्षता जिलाध्यक्ष जयनाथ सिंह ने की। संतोष पांडेय ने संचालन किया। इस दौरान रमाकांत मिश्र, विनोद राय, अमित सिंह, हनुमंत सिंह, कैलाश सिंह, अंकुर राय, संगीता तिवारी, सीमा दुवेदी, कृष्णमुरारी विश्वकर्मा, रानू प्रताप राणा, सूरज अग्रहरि, गोविंद यादव, नागेंद्र यादव, मुन्ना दुबे रहे।

No comments