प्रत्याशियों के नामांकन की अगुवाई करने आयेंगे सीएम, संभवतः 17 को होगा आगमन
आजमगढ़ : जिलाधिकारी शिवाकान्त द्विवेदी 16 अप्रैल को अधिसूचना जारी करेंगे। इसी दिन से नामांकन शुरू हो जाएगा। नामांकन की अंतिम अवधि 23 अप्रैल तय है। इस बीच प्रत्याशियों को नामांकन पत्र दाखिल करना अनिवार्य होगा। इसी क्रम में 17 अप्रैल को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जिले में आ सकते हैं। यह भी कहा जा रहा है कि मुख्यमंत्री की अगुवाई में आजमगढ़ सदर से घोषित प्रत्याशी भोजपुरी स्टार दिनेश लाल यादव 'निरहुआ' व लालगंज (सुरक्षित) संसदीय सीट की सांसद नीलम सोनकर पर्चा दाखिल करेंगी। भाजपा में इसकी तैयारी शुरू हो गई है। प्रत्याशी भी अपने-अपने स्तर से नामांकन की तैयारी में जुट गए हैं।
जिलाध्यक्ष जयनाथ सिंह ने कहा कि 17 अप्रैल को मुख्यमंत्री के आने की संभावना जताई जा रही है। हालांकि तिथि एक-दो दिन में फाइनल होने की उम्मीद है। इसी दिन आजमगढ़ सदर व लालगंज सुरक्षित सीट के घोषित प्रत्याशियों का पर्चा दाखिला होगा। मुख्यमंत्री स्वयं अगुवाई करेंगे।


No comments