Breaking Reports

निकाली गई मतदाता जागरूकता रैली



बृजभूषण रजक रिपोर्ट 
आजमगढ़ : भारत विकास परिषद आजमगढ़ के तत्वाधान में आयोजित मतदाता जागरूकता रैली को मुख्य विकास अधिकारी डी0एस0 उपाध्याय द्वारा हरी झण्डी दिखाकर रवाना किया गया। 
यह रैली नरौली तिरंगा चैराहे से होते हुए कलेक्ट्रेट पर सम्पन्न हुई। रैली में चिल्ड्रेन कालेज, प्रतिभा निकेतन, सर्वोदय पब्लिक स्कूल, इण्टरनेशन पब्लिक स्कूल, इशान पब्लिक स्कूल, जीडी ग्लोबल, निस्वां इण्टर कालेज, मिशन नर्सिंग कालेज, अग्रसेन बालिका इण्टर कालेज, स्काउट गाइड के छात्र-छात्राओं द्वारा प्रतिभाग किया गया। रैली में छात्र-छात्राओं ने जागो-जागो हे मतदाता, तुम ही भारत के भाग्य विधाता, देश तरक्की तभी करेगा, जब हर वोटर वोट करेगा, प्रजातंत्र से नाता है, भारत के मतदाता हैं, 12 मई को करें मतदान, लोकतंत्र की बढ़ायें शान आदि नारों के साथ लोगों को जागरूक किया। 

मतदाता जागरूकता रैली कलेक्ट्रेट पर आकर समाप्त हुई, जिस पर जिलाधिकारी शिवाकान्त द्विवेदी ने बताया कि मतदाता जागरूकता रैली का उद्देश्य लोगों में मतदान के प्रति जागरूकता पैदा करना है। उन्होने लोगों से अपील किया कि लोकतंत्र के इस महापर्व में शत प्रतिशत हिस्सेदार बनकर अधिक से अधिक संख्या में मतदान करें। इस रैली में लगभग 08 हजार से ज्यादा लोगों ने प्रतिभाग किया। 
इस अवसर पर डीआईओएस डाॅ0 वीके शर्मा, बीएसए देवेन्द्र कुमार पाण्डेय सहित स्वयं सेवी संस्थाओं तथा महिला संगठनों के प्रतिनिधि, तमसा परिवार के सदस्यगण, समस्त संबंधित स्कूलों के प्रतिनिधि सहित जनपद के प्रबुद्ध गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

No comments