ससुराल जा रहे युवक की ट्रक के चपेट में आने से मौत
आजमगढ़ : बरदह थाना क्षेत्र में मंगलवार की दोपहर ट्रक की चपेट में आने से घर से अपने ससुराल जा रहे बाइक सवार युवक की मौत हो गई। मृत युवक के शव को पुलिस ने पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
मेंहनगर कस्बा निवासी 35 वर्षीय दिनेश राम पुत्र जियालाल की ससुराल खरगीपुर गांव में स्थित है। वह मंगलवार की दोपहर लगभग एक बजे घर से निकलकर बरदह थाना क्षेत्र के त्रिवेणी-गोड़हरा मार्ग होते हुए ससुराल जा रहा था। अहिरौली गांव के समीप मंगलवार की दोपहर ट्रक की चपेट में आने से बाइक सवार युवक की मौत हो गई। युवक के मौत की खबर जब परिजनों व ससुराल के लोगों को हुई तो उनकी चीख-पुकार से कोहराम मच गया। वह चार भाइयों में बड़ा था। उसके दो पुत्र व एक पुत्री हैं। पत्नी निशा देवी का रो-रोकर बुरा हाल है। पिता की तहरीर पर पुलिस ने फरार ट्रक चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।


No comments