Breaking Reports

सुभासपा ने गठबंधन तोड़ आजमगढ़ की लोस सीट पर अपना उम्मीदवार उतारा



आजमगढ़ : भाजपा से नाराज चल रहे सुभासपा के मुखिया ओम प्रकाश राजभर ने अपनी राह भाजपा से अलग कर ही ली। गठबंधन तोड़ने का ऐलान करने के बाद पार्टी ने मंगलवार को प्रदेश की 39 लोकसभा सीटों पर उम्मीदवारों के नामों का ऐलान किया। सुभासपा ने जिले की सदर लोकसभा सीट पर यशवंत सिंह उर्फ शिब्ली सिंह को उतारा है। इस सीट पर सपा से पार्टी मुखिया अखिलेश यादव व भाजपा से भोजपुरी सुपरस्टार दिनेश लाल यादव 'निरहुआ' मैदान में हैं।

यशवंत सिंह जिले की लालगंज विधानसभा अन्तर्गत असोनिया गांव के रहने वाले हैं। परास्नातक की पढ़ाई कर चुके यशवंत सिंह इंटर कॉलेज और डिग्री कॉलेज चलाते हैं। इन्होंने अपनी राजनीतिक पारी की शुरुआत समाजवादी पार्टी से की थी। उसके बाद ये सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी (सुभासपा) में आ गए। यशवंत सिंह के पिता असोनिया गांव के दो बार प्रधान रह चुके हैं। खुद यशवंत भी दो बार प्रधान रह चुके हैं। वह राय मोहन से लगातार दूसरी बार जिला पंचायत सदस्य का चुनाव जीते हैं। वर्तमान में वह जिला पंचायत सदस्य हैं। 2017 के विधानसभा चुनाव में सुभासपा का बीजेपी से गठबंधन हुआ तो इन्होंने पार्टी छोड़कर एक स्थानीय पार्टी के टिकट पर दीदारगंज सीट से विधानसभा का चुनाव लड़े और हार गए। बाद में जब सुभासपा योगी सरकार में शामिल हुई तो ये फिर वापस पार्टी में आ गए। वर्तमान में यशवंत सुभासपा के जिला प्रभारी हैं।



No comments