Breaking Reports

विवाहिता ने आग लगाकर की आत्महत्या, माँ ने ससुराल पक्ष पर दहेज हत्या का आरोप लगाया



आजमगढ़ रिपोर्ट 
आजमगढ़ : रानी की सराय थाना क्षेत्र में गुरुवार की रात को एक विवाहिता ने आग लगाकर आत्महत्या कर ली। मृत विवाहिता की मां ने ससुराल पक्ष पर दहेज हत्या का आरोप लगाते हुए पुलिस को तहरीर दी है। पुलिस ने पति व ससुर के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर ससुर को हिरासत में ले लिया है।
  रानी की सराय थाना क्षेत्र के ऊंची गोदाम गांव निवासी पिटू राजभर पुत्र तीरथ राजभर की शादी वर्ष 2016 में तरवां थाना क्षेत्र के भरथीपुर गांव निवासी 25 वर्षीय गुड़िया के साथ हुई थी। पति लगभग पांच वर्ष से विदेश (ओमान) रहता है। गुड़िया अपने ससुर व सास के घर पर ही रहती थी। गुड़िया का एक पुत्र है। सास-ससुर का कहना है कि गुरुवार की रात को लगभग ग्यारह बजे जब परिवार के लोग भोजन कर लिए तो वह अपने पुत्र को मकान के गलियारे में रखे चारपाई पर सुलाने के बाद स्वयं कमरे में सोने के लिए चली गयी। आधी रात को उसने अपने शरीर पर मिट्टी का तेल डालकर आग लगा लिया। विवाहिता की चीख पुकार सुनकर परिजन के साथ ही पास पड़ोस के लोग भी आ गए। पास पड़ोस के लोगों ने कमरे का दरवाजा तोड़कर जब अंदर गए तो वह आग से गंभीर रूप से झुलस चुकी थी। झुलसे हालत में परिजन उसे अस्पताल ले जाने की तैयारी कर रहे थे कि तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। ग्रामीणों ने इस घटना की सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर छानबीन शुरू कर दिया। दूसरे दिन शुक्रवार की सुबह मायका पक्ष के लोग भी आ गए।   
  मां का आरोप है ससुराल वालों ने दहेज के लिए उसकी पुत्री की जलाकर हत्या कर दी है। 
पुलिस ने मृत विवाहिता की मां उमा देवी की तहरीर पर मृतका के पति व ससुर के खिलाफ दहेज हत्या के तहत मुकदमा दर्ज कर शव को पुलिस ने पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया।  एसओ का कहना है कि मृत महिला काफी दिनों से बीमार चल रही थी। उन्होंने संभावना जतायी है कि बीमारी के चलते ही उसने आत्महत्या की है।


No comments