Breaking Reports

पिछड़ों को बांट कर राज करना चाहती है भाजपा



आजमगढ़ रिपोर्ट 
आजमगढ़ : सपा-बसपा गठबंधन के प्रत्याशी व सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के समर्थन में सोमवार को अंजान शहीद में नुक्कड़ सभा के दौरान बदायूं के सांसद धर्मेंद्र यादव ने भाजपा पर जमकर निशाना साधा। कहा कि भाजपा पिछड़ों को अलग-अलग जातियों में बांट कर राज करना चाहती है। पिछड़ों के नेता का प्रतिदिन अपमान किया जा रहा है। भाजपा के एक बड़े नेता ने कहा कि सैफई में एक गोबर फेंकते हैं, इस अपमान का बदला 12 मई को आप लेंगे और पिछड़ों को बंटने नहीं देंगे। सपा-बसपा गठबंधन उत्तर प्रदेश में भाजपा का क्लीन स्वीप करेगा। गठबंधन से भाजपा बौखला गई है। यहां तक की प्रधानमंत्री की भी लाइन लेंथ बिगड़ चुकी है।
धर्मेन्द्र यादव ने केंद्र सरकार की नीतियों पर प्रहार करते हुए कहा कि किसानों की आमदनी दोगुनी करने के बजाय यूरिया के बोरे में से पांच किलो कम कर दिया गया। प्रदेश के किसानों के खेत में गाय सांड छोड़ दिया गया। सपा ने हमेशा किसानों के हित की सोची। गठबंधन की सरकार बनी तो किसानों का कर्ज माफ होगा। समाजवादी पेंशन को तीन हजार रुपये किया जाएगा। सभा के बाद बेरमा जूनियर हाईस्कूल से लेकर पीजी कॉलेज तक साइकिल यात्रा हुई। इसके अलावा भरौली, सतना, बनकटिया घाघरा में चौपाल व भुसउल एवं हैदराबाद बाजार में नुक्कड़ सभा आयोजित की गई।



No comments